बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 शुरू, पहले दिन 150 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा,100 मॉडल दूसरे दिन होंगे प्रदर्शित



बालोद। शिक्षा में नवाचार एव विज्ञान के सूक्ष्म रहस्यों को जानने हेतू जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के द्वारा बाल वैज्ञानिकों की खोज के लिए बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 का प्रथम दिवस स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ अंग्रेजी माध्यम स्कूल आमापारा बालोद में विधिवत शुभारंभ हुआ। इस आयोजन के मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा माहामंत्री यशवन्त जैन रहे। अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने की। विशेष अतिथि जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ शासन रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष तोमन साहू थे। इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, डीईओ मधुलिका तिवारी, जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी भी मौजूद थे।

अपने उद्बोधन में यशवंत जैन ने कहा कि हमारे भाजपा के संस्थापक पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का नारा “जय जवान जय किसान जय विज्ञान” का नारा आज फलीभूत हो रहा है। बाल वैज्ञानिक की तार्किकता, व्यवसायिक दक्षता, देश के उत्कृष्ठ नागरिक बनाने व रोजगार की दिशा में मिल का पत्थर है। पठन-पाठन के साथ संस्कार व संस्कृतिक धरोहर को संजो कर रखना हम सबका कर्तव्य है। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बच्चों के रचनात्मक शोध के लिए शुभकामना देते हुए शिक्षकों को भी समाज का प्रतिमूर्ति बताया। मॉडल प्रदर्शन में जिला के लगभग 150 मॉडल का प्रदर्शन हुआ। जिसमें शासकीय पूर्व मध्यमिक विद्यालय पाररास के बच्चों द्वारा बस्तर के जनजातियों की पहचान रहन-सहन खान -पान व चित्र के मध्यम से आकर्षक मॉडल की प्रस्तुति दी। सरिका उरवशी, मानवी ने अपनी प्रतिभा को निखारा। हाइड्रोजन फ्यूल कार के माध्यम से मध्यमिक शाला घीना के बच्चों ने कम पैसों में परिवहन को उकेरा। राघवेंद्र, तुषार ने लेजर सिक्योरिटी अलार्म द्वारा घर की सुरक्षा का मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया। शासकीय हाई स्कूल खेरथा बाजार के छात्र योगिता ,यामिनी द्वारा सोलर ट्रेसर के माध्यम से स्मार्ट सिटी को दर्शाया। अरिहंत एकेडमी बालोद ने बायोगैस मॉडल बनाकर आयुष पांडे द्वारा प्रस्तुति दिया।माध्यमिक शाला भिराई के दानेश्वर, गुलशन ने ग्लोबल वार्मिंग समस्या को खतरा बताते हुए उसके समुचित समाधान को मॉडल के माध्यम से बताया। जिला प्रशासन द्वारा सभी बच्चों के नाश्ता एवं भोजन चाय की व्यवस्था की गई। बच्चों के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साह वर्धन करते रहें। सभी प्रतिभागी बच्चों एवं उसके मार्गदर्शन शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। मॉडल निर्णायकों द्वारा सभी मॉडलों का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारी गण अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते रहें।

विद्यार्थियों द्वारा किया जाएगा कुल 250 माॅडलों का प्रदर्शन

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा बालोद में आयोजित 02 दिवसीय बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 में अतिथियों ने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए बेहतरीन माॅडल का अवलोकन कर विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रतिभा एवं वैज्ञानिक सोच की भूरी-भूरी सराहना की। उल्लेखनीय है कि बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 के पहले दिन पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों द्वारा कुल 150 माॅडलों का प्रदर्शन किया गया। इस तरह कार्यक्रम के समापन अवसर पर बुधवार 17 दिसंबर को हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी स्कूलों के विद्यार्थियों के द्वारा कुल 100 माॅडलो का प्रदर्शन किया जाएगा। इस तरह से इस 02 दिवसीय बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 के आयोजन के दौरान जिले के सभी पांचों विकासखण्डों के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा कुल 250 माॅडलों का प्रदर्शन किया जाएगा।

आयोजन है सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने इस आयोजन को संपूर्ण बालोद जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होेंने कहा कि इस आयोजन के लिए बालोद जैसे ग्रामीण परिवेश वाले जिले में संपूर्ण जिले के विभिन्न स्थानों के कुल 250 माॅडलों का चयन होना अपने आप में महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उन्होंने जिले के सुदूर वनांचल के विद्यार्थियों के द्वारा सीमित संसाधनों के बावजूद भी आज बेहतरीन माॅडलों की प्रदर्शन की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होेंने कहा कि निश्चित रूप से बालोद टेक्नोफेस्ट के इस 02 दिवसीय आयोजन के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोंच, नवाचार एवं तकनीकी कौशल को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पहुँचाने वाले उनके शिक्षक-शिक्षिकाओं के योगदानों की भी सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि आज इस आयोजन के माध्यम से प्रदर्शित की जाने वाली कम से कम 10 माॅडलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने जिले में बालोद टेक्नोफेस्ट के इस बेहतरीन आयोजन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी के योगदानों की सराहना करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख ने बालोद टेेक्नोफेस्ट के आयोजन तथा वर्तमान दौर में विज्ञान के महत्ता एवं प्रासंगिकता के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि हमारे जिले के सुदूर अंचल के विद्यार्थियों के द्वारा सीमित संसाधनों में बनाए गए उनके उत्कृष्ट माॅडलों को राष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ठ पहचान मिलेगा। कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका सिंह ने जिला मुख्यालय बालोद में बालोद टेक्नोफेस्ट 2.0 के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी।

नीति आयोग ने कलेक्टर को किया सम्मानित

इस अवसर पर नीति आयोग के द्वारा जिला मुख्यालय बालोद में बालोद टेक्नोफेस्ट के बेहतरीन आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा को सम्मानित भी किया गया। समारोह में अतिथियों के द्वारा फीता काटकर बालोद टेक्नोफेस्ट का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के द्वारा आदिवासी गांव, ज्वालामुखी, ग्लोबल वार्मिंग, महिला सुरक्षा, स्मार्ट सिटी आदि विभिन्न विषयों पर बेहतरीन माॅडलों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

You cannot copy content of this page