
नेमन साहू, रेंगाडबरी/डौंडी लोहारा/ बालोद– बालोद जिले की होनहार बेटी भारती भुआर्य (ग्राम-धौराभाटा) व ऊर्वशी कोर्राम (ग्राम- रेंगाडबरी) ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। वन विभाग छत्तीसगढ़ की महिला बास्केटबॉल टीम की नियमित खिलाड़ी भारती, ऊर्वशी ने देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित 28वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनो पिछले 7 वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ वन महिला बास्केटबॉल टीम की सदस्य हैं। पिछले वर्ष उनकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। इस बार फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के साथ रोमांचक टक्कर हुई।

अंतिम मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हिमाचल ने महज एक अंक की बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया, जिससे छत्तीसगढ़ को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 74 स्वर्ण, 34 रजत एवं 42 कांस्य पदक जीतकर 150 पदक और 578 अंक हासिल किए तथा लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रदेश की ओर से 253 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इनके इस शानदार सफलता पर उनके परिवारजन, रिश्तेदार, क्षेत्र के लोग और वन विभाग के साथी कर्मचारी बेहद खुश हैं तथा सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने भी छत्तीसगढ़ के सभी विजेता खिलाड़ियों, विशेषकर महिला बास्केटबॉल टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी।
