DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कर्मचारियों के हड़ताल के बीच शुरू हुई धान खरीदी, सांकरा सोसायटी में लगी पंचायत के ही सचिव की प्रबंधक के रूप में ड्यूटी

बालोद। सेवा सहकारी समितियों में पदस्थ प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विगत कई दिनों से हड़ताल पर है । शासन प्रशासन द्वारा उन्हें अल्टीमेटम देने के बावजूद भी वे काम पर नहीं लौटे हैं। ऐसे में धान खरीदी बाधित न हो इसे देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम कर 15 नवंबर से खरीदी शुरू कर दी गई है। कई जगह पूरी तैयारी न होने के कारण 17 नवंबर सोमवार से धान खरीदी की शुरुआत की गई। विधिवत पूजा पाठ के साथ इलेक्ट्रॉनिक तराजू से धान तौलाई की शुरुआत की गई। वहीं हड़ताल में व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य स्टाफ के बदले वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। बालोद ब्लॉक की ही बात करें तो सांकरा ज सोसाइटी में सांकरा पंचायत के ही सचिव पूरन जोशी की प्रभारी प्रबंधक के तौर पर ड्यूटी लगाई गई है।

इसके अलावा गांव के अन्य युवकों में किसी को कंप्यूटर ऑपरेटर तो किसी को और कोई काम दिया गया है। इस तरह से व्यवस्था बनाकर खरीदी शुरुआत की गई है। अन्य समिति में भी कहीं स्थानीय सचिव तो कहीं पटवारी की ड्यूटी भी प्रबंधक के तौर पर लगाई गई है। इस बार भी टोकन सिस्टम से धान खरीदी की जा रही है। हालांकि ऐप अपडेट होने के कारण कुछ किसानों ने सर्वर के चलते टोकन कटवाने में तकनीकी दिक्कत भी बताई।

वही इस साल भी नए और पुराने दोनों बारदाना मिलाकर धान खरीदी की जा रही है।

सांकरा (ज) सोसाइटी में हुआ शुभारंभ

सोमवार को सांकरा (ज) सोसाइटी में धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला मंत्री प्रेम साहू, भाजपा जुंगेरा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू , प्राधिकृत अध्यक्ष छगन देशमुख, संतोष देशमुख सहित सोसाइटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के जनभावनाओं के नेता श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसान हित, सुशासन और अंत्योदय की भावना के साथ प्रत्येक वर्ग तक विकास एवं लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी की गारंटी एवं विष्णु के सुशासन के साथ किसानों को समय पर समर्थन मूल्य, पारदर्शी खरीदी व्यवस्था एवं उनके पसीने की सही कीमत दिलाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।किसानों ने भी भाजपा सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह व्यवस्था राज्य में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने का कार्य करेगी।

उसी तरह सांकरा ज के ही उपकेंद्र दरबारी नवागांव में भी सोमवार को ही धान खरीदी शुरू की गई।

You cannot copy content of this page