DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

हड़ताल की बात कर खामतराई के 557 ग्रामीणों को किया जा रहा राशन से वंचित,सरकारी राशन दुकान में सेल्समैन की लापरवाही आई सामने

बालोद। डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम खामतराई (पिनकापार) में स्थानीय सेल्समैन द्वारा सरकारी राशन दुकान में 15 दिन बीत जाने के बाद भी राशन कार्ड धारी हितग्राहियों को राशन वितरण नहीं किया गया है। हड़ताल चलने की बात कह कर उनके द्वारा यह लापरवाही की जा रही है। जबकि अन्य समिति में राशन वितरण शुरू हो चुका है। संबंधित सेल्समेन मूलचंद साहू का कहना है कि हम जो समिति यानि राशन दुकान चला रहे हैं वह सेवा सरकारी समिति के तहत पंजीकृत है। सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी होने के नाते मैं हड़ताल पर हूं इसलिए सोसायटी नहीं खोल सकता। इधर हड़ताल कब तक चलेगा, कुछ कह नहीं सकते। ऐसे में अनिश्चितकालीन के लिए राशन कार्ड धारकों को यहां सरकारी राशन से वंचित होना पड़ रहा है। वही स्थानीय पंचायत प्रशासन भी हड़ताल को देखते हुए राशन वितरण के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम भी अब तक नहीं कर पाया है। शासन से सभी लोगों के लिए राशन आ चुका है पर वह सोसायटी के भीतर ही डंप पड़ा हुआ है। मामले को लेकर गांव के जागरूक युवक चिम्मनलाल साहू ने कलेक्टर के नाम शिकायत आवेदन भी दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि सेल्समेन मूलचंद साहू द्वारा लगातार 15 दिनों से राशन दुकान खोला नहीं गया है। हड़ताल जारी है कहकर राशन नहीं दिया जा रहा है। लगभग 557 राशन कार्डधारी है जिसमें से कई परिवार के पास जमीन नहीं है और कई परिवार मेरे जैसे रोजी मजदूरी कर राशन दुकान से चावल लेकर के अपना जीवन चला रहे हैं। ऐसे में जब तक इन लोगों का हड़ताल जारी रहेगा तब तक मुझे और गांव के किसी भी राशन कार्ड धारी को चावल नहीं दिया जाएगा। आसपास के सभी राशन दुकान में 5 तारीख से राशन देना शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि सेल्समेन मूलचंद साहू द्वारा पहले भी राशन वितरण में देरी की जाती रही है । सब जगह 5 तारीख से ही राशन वितरण शुरू हो जाता है लेकिन हमारे गांव में 9 से 10 तारीख के बाद ही राशन मिलना शुरू होता है। सप्ताह में एक-दो दिन ही राशन दिया जाता है। सेल्समैन की लापरवाही इस तरह लंबे समय से जारी है। अब हड़ताल के बहाने उनके द्वारा पूरे 557 परिवारों को सरकारी राशन जिसमें चावल, शक्कर, नमक आदि दिया जाता है, से वंचित किया जा रहा है। मामले में राशन दुकान के सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई करने, जिला कलेक्टर और खाद्य विभाग को भी इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता चिम्मन लाल साहू ने कहा कि राशन नहीं मिलने से मजबूरी में निजी दुकानों से 35 से 40 रुपए किलो में चावल खरीद कर गुजारा करना पड़ रहा है।

You cannot copy content of this page