समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को अति आवश्यक सेवाओं में लेने हेतु बालोद जिले में एस्मा लागू, होगी लापरवाही पर कार्रवाई



अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अपने कार्य में समय पर उपस्थित नही होने पर की जाएगी बर्खास्तगी की कार्रवाई
बालोद
– कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को अति आवश्यक सेवाओं में लेेने हेतु बालोद जिले में एस्मा लगाने का आदेश जारी किया गया है। जिससे कि बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य बिना किसी अवरोध के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। कलेक्टर द्वारा जारी किए गए आदेश के तहत जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु जिले के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उनके द्वारा समय पर अपने कार्य में उपस्थित नही होेने पर उनके विरूद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की कार्रवाई की जाएगी।
दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध की जाएगी अनुशासनात्मक कार्यवाही


कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के समस्त ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी को पत्र जारी कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु सौंपे गए दायित्व के निर्वहन के संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने पत्र जारी कर कहा है कि खरीफ वर्ष 2025-26 में सुचारु रुप से धान खरीदी किये जाने हेतु 14 नवंबर 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत के सभा कक्ष में समय प्रातः 11 बजे प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, जिसमें आप अनुपस्थित पाये गये। समर्थन मूल्य में धान खरीदी का कार्य राज्य शासन द्वारा आवश्यक सेवा में शामिल किया गया है। उन्होंने इस संबंध में सभी ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि धान उपार्जन कार्य में सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन अनिवार्य रूप से करें। सौंपे गये कार्य के संबंध में आज 14 नवंबर 2025 को जनपद कार्यालय में शाम 06 बजे पुनः प्रशिक्षण आयोजित की गई है। नियत समय व स्थान में प्रशिक्षण में अनिवार्य रुप भाग लेकर सौपे गये दायित्त्वों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा आवश्यक सेवा (एस्मा) के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी, जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होगें।
शनिवार 15 नवंबर से प्रारंभ होगा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य, मुख्य सचिव ने कलेक्टरों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की वीडियो कान्फ्रेंसिंग लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की


राज्य शासन के निर्देशानुसार शनिवार 15 नवंबर से प्रदेश के सभी धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य विधिवत् प्रारंभ हो जाएगा। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के साथ-साथ सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक, जिला खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अन्य अधिकारियों का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर 15 नवंबर से शुरू हो रहे धान खरीदी के कार्य की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने समिति प्रबंधकों एवं आपरेटरों के हड़ताल में जाने की स्थिति में इसकी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर सभी धान खरीदी केन्द्रों में निर्बाध रूप से धान खरीदी के कार्य को जारी रखने हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव ने वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को अति आवश्यक सेवाओं में शामिल करते हुए एस्मा लगाने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले तथा धान खरीदी के कार्य में समय पर उपस्थित नही होेने वाले अधिकारी-कर्मचारी के विरूद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर आपरेटरों की नियुक्ति


मुख्य सचिव श्री विकासशील ने समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर आपरेटरों के हड़ताल में जाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर आपरेटरों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए है। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नियुक्त किए गए सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं कम्प्यूटर आपरेटरों को समुचित प्रशिक्षण प्रदान कर सभी धान खरीदी केन्द्रों में प्रत्येक कार्य दिवसों में सुबह 08 बजे से अनिवार्य रूप से उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सभी जिला कलेक्टरों को शनिवार 15 नवंबर से अनिवार्य रूप से धान खरीदी का कार्य प्रारंभ कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अपने कार्य में उपस्थित नही होनेे वाले समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर आपरेटरों के विरूद्ध अनिवार्य रूप से बर्खास्तगी की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में समुचित मात्रा में बारदानों की व्यवस्था, सभी उपार्जन केन्द्रोें में पृथक से धान की वैरायटी का चिन्हांकन, मील पंजीयन एवं अनुबंध की अद्यतन की स्थिति एवं ट्रायल रन की स्थिति आदि की विस्तृत समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने सभी धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी केन्द्र प्रभारी की व्यवस्था, जिला कमाण्ड कंट्रोल सेंटर की स्थापना, उपार्जन केन्द्र के बफर लिमिट का निर्धारण तथा उपार्जन केन्द्रों के बेसिक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी उपार्जन केन्द्रों में इसकी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने समिति लेखा मिलान की स्थिति तथा बिजली खपत में विसंगति पाए जाने वाले मीलों की जांच आदि के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री तुलसी ठाकुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page