बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद की छात्राओं ने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। कांकेर जिले में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की दो मेधावी छात्राओं ने पदक जीतकर बालोद का गौरव बढ़ाया। कक्षा 12वीं की छात्रा डुलेश्वरी कोठारी ने खो-खो बालिका अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा गायत्री प्रजापति ने क्रिकेट बालिका अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं ने राज्य स्तर पर शानदार खेल कौशल और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकगण और पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक सूर्यकांत सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में दोनों छात्राओं ने लगातार अभ्यास कर यह सफलता हासिल की। विद्यालय के प्राचार्य बलराम साहू ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “डुलेश्वरी और गायत्री ने मेहनत और लगन से यह मुकाम पाया है। यह न केवल विद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि बालोद जिले की खेल प्रतिभाओं की पहचान भी है।” छात्राओं की इस सफलता पर व्याख्याता बी. एन. योगी, अशरफ तिगाला, डी. एन. तिवारी, अनीता पदमाकार, प्रमिला रामटेके, रिचा मीना, वर्षा यादव, नीलू सोनी, राजेंद्र वर्मा, लेखदेवी साहू, शैल देशमुख, रौशनी साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिका गणों ने बधाई दी। इसके साथ ही शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती रोहिणी साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, समिति सदस्य वाय. के. देशमुख, डी. एस. देशमुख, प्रीतिबाला साहू, डी. के. सुकदेवे एवं पार्षद प्रीतम यादव ने भी दोनों छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार को पूर्ण विश्वास है कि डुलेश्वरी कोठारी और गायत्री प्रजापति आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और बालोद का नाम पूरे प्रदेश में गर्व से ऊँचा करेंगी।
बालोद की बेटियों का राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में चमकदार प्रदर्शन- डुलेश्वरी कोठारी ने जीता गोल्ड, गायत्री प्रजापति को मिला ब्रॉन्ज पदक
