प्रथम रोवर रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन आगामी 9 से 13 जनवरी 2026 को

बालोद। बालोद जिले के दुधली में मिनी इंडिया बसने जा रहा है, यहां विभिन्न संस्कृतियों का समागम होगा। अवसर है प्रथम रोवर रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी का जो कि आगामी 9 से 13 जनवरी 2026 को होने वाला है. जिसकी तैयारी शुरू हो गई है।आयोजन स्थल का स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बालोद आगमन के दौरान निरीक्षण भी किया। 12 नवंबर से जंबूरी स्थल का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को जंबूरी हेतु कार्य प्रारंभ करने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने 12 नवम्बर से कार्य शुरू कर देने हेतु निर्देशित किया है। इस अवसर पर भारत स्काउट्स गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली से ज्वाइंट डायरेक्टर अमर क्षेत्री, छ.ग. राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव जितेंद्र साहू, यशवन्त जैन महामंत्री छ.ग.बी जे पी, राज्य लघु वनोपज उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीईओ मधुलिका तिवारी, अशोक देशमुख अध्यक्ष दुर्ग जिला संघ, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला सचिव केएल गजेन्द्र, डी ओ सी (स्काउट) नेमसिंह साहू, , डी ओ सी (गाइड) प्रेमलता चंद्राकर, मीडिया प्रभारी मिलन सिन्हा, स्काउट मास्टर योगेश नायक, रोवर लीडर आर एन राणा, सहित जिला तथा समीपस्थ ग्रामों के तमाम जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय आयोजन में पूरे देश और विदेशों से 10 से 15 हजार स्काउट गाइड रोवर रेंजर और स्काउटर गाइडर के शामिल होने की संभावना है।
जंबूरी के हैं कई मायने

जम्बूरी का अर्थ संगीत, मनोरंजन और शोर-शराबे के साथ एक बड़ा उत्सव या पार्टी है। इसका मतलब एक बड़े जमावड़े या सभा से भी है, जैसे कि बॉय स्काउट्स या गर्ल गाइड्स का एक राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय मिलन। यह एक बड़ा और शोरगुल वाला समारोह होता है जिसमें लोग जश्न मनाते हैं, जैसे किसी पार्टी या समारोह में। जंबूरी लोगों के एक बड़े समूह के इकट्ठा होने का भी संकेत देता है। स्काउट्स के लिए, यह स्काउट्स का एक बड़ा अंतर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय जमावड़ा होता है जहाँ वे अपनी प्रतिभा दिखाते हैं और मिलते हैं। विभिन्न प्रकार की कार्यक्रम जैसे मार्च पास्ट, लोकगीत, लोकनृत्य, युवा चौपाल, विभिन्न एडवेंचर गेम्स, प्रदर्शनी, झांकी, कम्युनिटी डेवलपमेंट, आदर्श गांव मॉडल, आदि कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
यहां पर होगा आयोजन, बनी है वृहद रूपरेखा

जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन हेतु प्रस्तावित स्थल का अवलोकन के दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्राम दुधली में जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे शासकीय पाॅलीटेक्निक के समीप के खाली जगह को नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन के लिए अत्यंत उपयुक्त बताते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल में समुचित मात्रा में पानी की व्यवस्था, शौचालय, स्नानागार का स्थान, विद्युत व्यवस्था एवं आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल को आयोजन स्थल में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस बल की तैनातगी करने के निर्देश भी दिए हैं। मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि इस 05 दिवसीय नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन के दौरान लगभग 15 हजार लोग उपस्थित होेने की जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने नक्शे के माध्यम से प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा का अवलोकन भी किया।
