शमशाद ने राज्यपाल को महिला कमांडो के कार्यों से कराया अवगत, राज्यपाल बोले : अगली बार आऊंगा तो जरूर करूंगा मुलाकात
बालोद। बीते दिनों राजभवन में दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बालोद जिले से पद्मश्री शमशाद बेगम भी विशेष रूप से शामिल हुई। जहां उन्होंने राज्यपाल श्री रमेन डेका से प्रत्यक्ष मुलाकात करते हुए उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए उनका हाथ जोड़कर अभिनंदन किया। तो वही राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती रानी डेका काकोटी से भी उन्होंने मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को बालोद जिले सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में सक्रिय महिला कमांडो के कार्यों से अवगत कराया। जिसे जानकर राज्यपाल ने सराहना की और कहा कि पिछले दिनों तो मैं बालोद जिले के दौरे पर था। अगली बार जब भी आऊंगा, महिला कमांडो से जरूर मुलाकात करूंगा। इस दौरान पद्म श्री शमशाद बेगम ने पुलिस महानिदेशक से भी मुलाकात की और उन्हें महिला कमांडो के कार्यों के बारे में बताया। इस पर पुलिस महानिदेशक ने काफी प्रशंसा जाहिर की और इसे आने वाले दिनों में पुलिस द्वारा भी प्रोत्साहन देने की बात कही। इस आत्मीय पूर्ण मुलाकात के दौरान पद्मश्री शमशाद बेगम के साथ सहयोगी जनकल्याण समिति के सचिव रफीक खान भी मौजूद रहे। ज्ञात हो कि राजभवन में दीपावली पर्व के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। राज्यपाल श्री डेका ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल श्री डेका को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी तथा राज्यपाल के परिजन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विविध रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को दर्शाया गया। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य राउत नाच की प्रस्तुति श्री केशव राम यादव एवं उनके दल द्वारा की गई। सूफी गायक पद्मश्री मदन चौहान के मधुर गायन तथा विधायक श्री अनुज शर्मा के भजन प्रस्तुतिकरण ने समारोह के उत्साह को दोगुना कर दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, विधायकगण, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
