बालोद। बालोद नगरपालिका में भाजपा पार्षद गिरिजेश गुप्ता ने जो कदम उठाया है, उसने सरकारी प्रयासों को आइना दिखा दिया है। दीपावली त्यौहार को देखते हुए अपने निजी खर्च पर श्रमिक लगाकर सफाई अभियान चलाने वाले पार्षद ने न केवल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है, बल्कि एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। सामने दिवाली है इसलिए, स्वयं के खर्च पर उन्होंने वार्ड की साफ-सफाई करवा दी है। वार्ड क्रमांक 18 के ये भाजपा पार्षद इन दिनों पूरे बालोद जिले में चर्चा का विषय बने हुए है। दीपों का त्योहार दीवाली करीब आते ही वार्ड के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उन्होंने खुद सफाई का बीड़ा उठाया है। बीते कई दिनों से पार्षद गिरजेश गुप्ता अपने निजी खर्च पर पुरुष श्रमिको को वार्ड की साफ-सफाई में लगाए हैं। इनमें जिला सत्र न्यायालय जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान शामिल है।
इस पहल से प्रभावित नजर आ रहे हैं स्थानीय लोग

उनका यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के आह्वान को सार्थक करने वाला है। स्थानीय लोग भी इस पहल से प्रभावित नजर आ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि, एक पार्षद का यह प्रयास वास्तव में प्रेरणादायक है। स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
त्यौहार के अवसर पर यह अनुकरणीय पहल
वार्डवासियों ने बताया कि हमारे वार्ड में पहले सफाई की गंभीर समस्या थी, लेकिन पार्षद के प्रयासों से हालात तेजी से बदल रहे है। त्यौहार के अवसर पर यह अनुकरणीय पहल है, जिससे लोगों को भी प्रेरणा मिल रही है। पूर्व के कार्यकाल में नगर परिषद की सफाई व्यवस्था कागजों तक ही सीमित रही है। पहली बार हमने देखा कि एक पार्षद अपने पैसे से मजदूर लगाकर सफाई करवा रहे है। यह काबिल-ए-तारीफ है।
समाज को संदेश देने सफाई का कार्य

पार्षद का कहना है कि, अगर हम सब मिलकर आगे आएं तो अपने नगर को स्वच्छ और सुंदर बना सकते है। अपने स्वयं के खर्च पर वार्ड में सफाई करने का निर्णय इसलिए लिया ताकि समाज को संदेश दिया जा सके। स्थानीय नागरिक मनोज चंद्राकर निवासी, शिकारीपारा का कहना है कि हमारे पार्षद का यह कार्य समाज को एक नया रास्ता दिखाता है। त्यौहार पूर्व उनका सफाई अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छता का संदेश है और यह बताता है कि जज्बा हो तो बदलाव किसी भी स्तर पर संभव है। वार्डवासी संदीप सिन्हा ने कहा कि, अपने खर्चे पर 3 अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर वार्ड की सफाई कराने वाले वार्ड पार्षद गिरिजेश गुप्ता ने अपने कर्म और कर्तव्य से यह सिद्ध कर दिया है कि वह वास्तव में एक ईमानदार, जिम्मेदार और संवेदनशील जनप्रतिनिधि हैं।जागेश्वर ढीमर का कहना है कि, हमारे पार्षद वार्डवासियों की परेशानियां सुनते हैं, उनकी समस्याओं को हल करने में व्यक्तिगत रुचि लेते हैं। वह ना सिर्फ, एक पार्षद बल्कि एक सच्चे सेवक की भूमिका में दिखाई देते हैं, जो निःस्वार्थ भाव से जनता की भलाई के लिए हर मोर्चे पर खड़े हैं। अनिता पेंढारकर ने बताया कि, त्यौहार को देखते हुए उन्होंने किसी पर दोष मढ़ने की बजाय खुद आगे बढ़कर ज़िम्मेदारी निभा रहे और यह सुनिश्चित कर रहे कि वार्ड की जनता को दीपावली पर्व में कोई परेशानी न हो। उनके इस समर्पण और सेवा भावना की सराहना वार्डवासियों के साथ-साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी कर रहे हैं।
मेरे वार्ड के सभी घरों में मां लक्ष्मी का आगमन हो; गिरिजेश
पार्षद गिरिजेश गुप्ता का कहना है कि, दिवाली हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की जीत और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक माना जाता है। दिवाली से पहले साफ-सफाई करना शुभ माना गया है, क्योंकि मान्यता है कि स्वच्छ स्थान में मां लक्ष्मी का आगमन होता है। वास्तु शास्त्र में भी इसका विशेष महत्व बताया गया है। पार्षद ने बताया कि वो चाहते है कि मेरे वार्ड के प्रत्येक घरों में मां लक्ष्मी का आगमन हो। इसलिए सफाई करवा रहे हैं।
