शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का ठेठवार यादव समाज भवन में हुआ अभिनंदन, मंत्री ने की समाज के लिए कई घोषणाएं, कहा: सरकार की योजनाओं का उठाइए लाभ



बालोद। मंगलवार को बालोद जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री और यादव समाज के गौरव गजेंद्र यादव का बालोद गंजपारा स्थित ठेठवार यादव समाज भवन में सर्व यादव समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। इस दौरान उत्साह पूर्वक समाज के लोगों ने उनका स्वागत सम्मान किया। मंत्री को पगड़ी पहनाया। श्री कृष्ण की मूर्ति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जन सेवक राकेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर सहित अन्य सामाजिक जन मौजूद रहे।


समाज के लोगों को संबोधित करते मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा की जब मैं विधायक बना तो हमारे समाज के लोगों को लगा कि हमारे समाज से कोई मंत्री होना चाहिए। बनाना तो तय था भले देर हुआ। मैं यादव समाज का धन्यवाद देता हूं जो सुकमा से लेकर बलरामपुर तक, जशपुर से लेकर कोंटा तक के, जो भी यादव रायपुर आते थे, जो भी नेता हमारे क्षेत्र से जाते थे वे कहते थे हमारे समाज से एक मंत्री होना चाहिए। इसके लिए मैं सब का आभार व्यक्त करता हूं, जो यादव समाज ने मेरे प्रति प्रेम दिखाया है।दमदारी के साथ आपने जहां मौका मिला, जिस मंच में मिला आपने वहां बोला उसके लिए मैं आभारी हूं। आप सब मेरे समाज के हैं परिवार के हैं। समाज के कोई व्यक्ति सरकार में आता है तो पीछे वाले को अपने आप ऊर्जा, संबल मिलती है. जिससे बहुत से काम आसानी से हो जाते हैं। आप जो सोचते हैं मैं बराबर उस काम को करने की कोशिश करूंगा। मैं वचन देता हूं कि मैं ऐसा कोई काम नहीं करूंगा जो यादव समाज को लगे कि हमारे समाज के मंत्री ने ऐसा कर दिया। मैं काम अच्छा करूंगा आपको भी गर्व होगा कि हमारे समाज के मंत्री ने अच्छा काम किया है।

मंत्री ने एक बात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अभी भी दूसरे समाज से हम तुलना करते हैं तो आर्थिक रूप से हम अभी बहुत पीछे हैं। आबादी में तो प्रदेश में यादव समाज दूसरे नंबर पर है लेकिन आर्थिक तरक्की में कोई गिनती नहीं होती है क्योंकि हम आर्थिक रूप से कमजोर है। मै हर जगह यह बात दोहरा रहा हूं कि हम सभी को शासन की योजना से जुड़ना है। कोई गरीब है मकान है कि नहीं उसकी चिंता करनी है। मैं देखता हूं कि हमारे समाज में कई लोगों के पास गरीबी रेखा कार्ड नही है। शासन की योजना का लाभ ले। दूसरे राज्य से आने वाले लोगों के पास सब सुविधा रहती है पर हमारे समाज के लोग पीछे हो जाते हैं। कोई दिक्कत है तो स्थानीय जनप्रतिनिधि से संपर्क करें। गरीबी रेखा कार्ड, श्रम कार्ड , आयुष्मान कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि जीवन में कितना ही पैसा कमा ले एक बार अस्पताल का चक्कर लगता है तो जीवन की सारी पूंजी निकल जाती है। इसलिए शासन की हर योजना से जुड़े। आजकल तो गाय भैंस कोई पालना नहीं चाहते हैं पर शासन में योजना में ट्रैक्टर तो ले सकते हैं, 50% अनुदान है। पैरा की समस्या है अनुदान में बेलर मशीन लो और उससे पैरा इकट्ठा करो। सरकार की छूट का फायदा लेने से पीछे न रहे। गाय भैंस नहीं पाल पा रहे हैं तो बकरी पालिए, बकरी पालन में सरकार छूट देती है। सरकार के पास बहुत सारी योजनाएं है पर हमें मालूम नहीं है। मेरा यही कहना है कि जब हम सरकार की योजनाओं से जुड़ेंगे तो स्वाभाविक रूप से हमारा व्यापार, धंधा, काम सब आगे बढ़ेंगे,बढ़ोतरी होगी।

सामाजिक सम्मेलन में योजनाओं के जानकार को आमंत्रित करें

मंत्री ने कहा कि दिवाली के बाद हम सभी सब जगह सम्मेलन करते हैं। सामाजिक सम्मेलन ऐसा नहीं होना चाहिए कि बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करें, कुछ लोगों का सम्मान करें और हम चले जाए। बल्कि अब ऐसा होना चाहिए कि विभाग से जुड़े लोगों को आमंत्रित करें। वह सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इस तरह से सम्मेलन होना चाहिए जो सार्थक हो। पढ़े लिखे लोगों के लिए कोचिंग की सुविधा सरकार देती है। मेरा आग्रह है कि जब भी सामाजिक सम्मेलन हो मुझे समय दे, जो सब विषय की जानकारी रखते हो उन्हें आमंत्रित करें। सरकार की कौन-कौन सी योजनाएं हैं जिसमें हम जुड़ सकते हैं इसके बारे में जानना जरूरी है । मुझे बहुत खुशी हुई कि हमारे बालोद में यादव समाज का इतना बड़ा भवन है वह भी मुख्य मार्ग में। इसके लिए मैं बधाई देता हूं । इस भवन का सार्थक उपयोग हमारे आने वाली पीढ़ी करेगी। हमारे बच्चों को व्यापार, व्यवसाय और शिक्षा में विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। कोई दिक्कत होती है तो मैं बैठा हूं। आपके आशीर्वाद से मंत्री हूं जो भी काम बोलोगे उसे पूरा करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने 50 लाख के छात्रावास भवन की घोषणा की, उसके लिए जगह देखने के निर्देश दिए। 20 लाख के समाज हेतु जिला भवन के लिए भूमि पूजन भी किया गया। अंत में उन्होंने गंजपारा के सामाजिक भवन में डोम शेड के लिए 20 लाख की घोषणा की। इस दौरान सामाजिक भवन में जिला संगठन ठेठवार समाज के अध्यक्ष उत्तम यादव, बालोद राज अध्यक्ष ताम्रध्वज यादव, केशव यादव, बलदेव यादव, अलेंद्र यादव, हेमंत यादव, देवेंद्र यादव, छगन यादव, नंदकिशोर यादव, जीवन यादव, जयप्रकाश यादव सहित अन्य मौजूद है।

देखिए आयोजन की वीडियो

You cannot copy content of this page