DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गरबा पंडालों में शराबी प्रवृत्तियों की एंट्री बंद, सीसीटीवी कैमरे से भी रहेगी नजर

दुर्गा उत्सव और गरबा समितियों को दिए गए नियमों के पालन को लेकर सख्त निर्देश, देनी होगी हर दिन के आयोजनों की थाने में खबर

गुरुर- आगामी दुर्गा उत्सव को लेकर गुरूर थाने में शांति समिति की बैठक ली गई। जिसमें दुर्गा उत्सव समिति और गरबा समिति के लोगों को खासतौर से आमंत्रित किया गया था। जहां पर उन्हें शासन और कोर्ट के गाइडलाइन के बारे में अवगत कराया गया तो वही पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी को गंभीरता से पालन करने के लिए कहा गया। इस दौरान खास तौर से गुरुर में इस साल भी हो रहे भव्य गरबा आयोजन को लेकर पूरी सावधानी बरतने के लिए संबंधित आयोजकों को निर्देशित किया गया। गरबा के आयोजन में चूंकि महिलाएं और युवतियां बड़ी संख्या भाग लेती है जिसे देखते हुए उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने निर्देशित किया गया। आयोजकों को कहा गया कि आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए। साथ ही इस बात का पूरा ध्यान रखें कि आयोजन में कोई भी शराब पीकर प्रवेश न कर पाए ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना ना हो। थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने इस बात पर विशेष जोर दिया साथ ही उन्होंने हाल ही में दल्ली राजहरा में दुर्गा पंडाल सजाने के दौरान करंट की चपेट में आने से हुई युवक की मौत की घटना से सबक लेते हुए सभी समितियों को कहा कि पंडाल सजाते समय वायरिंग, बिजली तार आदि का विशेष ध्यान रखें ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो। वही तहसीलदार हनुमत श्याम ने भी कहा कि समिति के किसी भी सदस्य के द्वारा किसी प्रकार की गलती ना हो उसका विशेष ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने ध्वनि यंत्र को लेकर दिशा निर्देश दिए। रास गरबा समिति वालों को कहा गया कि हर प्रतिभागी का नाम रजिस्टर में एंट्री करवाना है ताकि उनकी जरूरत पड़ने पर पहचान होती रहे। वही रास गरबा के दौरान कोई बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्ति आयोजन स्थल पर प्रवेश न करें, इस बात को लेकर अलर्ट रहे। अगर ऐसा कुछ होता है तो तत्काल पुलिस को खबर करें। शराब पीकर आने वाले व्यक्ति को कार्यक्रम में अंदर जाने की अनुमति बिल्कुल ना दे। गरबा समिति के सदस्यों को कहा गया कि पूरे 9 दिनों तक जो जो भी आयोजन हो रहे हैं कौन-कौन अतिथि आ रहे हैं, इसकी लिस्ट बनाते हुए पूरी जानकारी देते रहे। कुछ आयोजक द्वारा सड़क किनारे आयोजन किए जाते हैं जिसे यातायात बाधित होता है। ऐसी जगह पर पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त हो इस बात का भी ध्यान रखें। सुरक्षा के लिए कैमरे जरूर लगाए। ध्वनि यंत्र को लेकर दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। कहीं कुछ शिकायत आती है तो पुलिस प्रशासन कार्रवाई के लिए पीछे नहीं हटेगी। आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था भी उचित हो। बड़ा आयोजन हो रहा हो तो किसी तरह के भगदड़ या धक्कामुकी की स्थिति ना बने इसका भी ध्यान रखें। बैठक में गुरुर तहसीलदार हनुमंत श्याम, एसडीओपी बोनीफास एक्का, गुरुर टी आई सुनील तिर्की, रास गरबा के कार्यक्रम के अध्यक्ष हिमांशु ईशा प्रकाश साहूग्रामीण अध्यक्ष हेमलाल धुर्वे, भोलाराम साहू, धनेश्वर साहू, आशुतोष टंडन, चंद्रेश झा, लव सेन आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page