जज साहब बोले… एपीके. फाइल से रहे सावधान, वरना बैंक खाते हो जाएंगे खाली



पाकिस्तानी ऐप  डाउनलोड न करने दी नसीहत , पुलिस ने भी साइबर क्राइम के तरीकों से कमांडो को कराया अवगत 

बालोद/ गुण्डरदेही– छग. राज्य स्थापना के 25 वे वर्ष पर हो रहे रजत जयंती महोत्सव में महिला कमांडो भी अपनी भागीदारी देगी, इस दौरान साल भर छोटे छोटे जागरूकता के आयोजन होते रहेंगे। इसी क्रम में गुंडरदेही में आयोजित जिला स्तरीय महिला कमांडो की मासिक बैठक में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष ,गुंडरदेही के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन ने विधिक जागरूकता अभियान के तहत  महिला कमांडो को संबोधित करते हुए एपीके.  फाइल से सावधान किया। उन्होंने इस एपीके फाइल को पाकिस्तानी होना बताया और कहा कि जागरूकता ही बचाव है। इसलिए सावधान रहिए। व्हाट्सएप में अगर ऐसे ऐप आते हैं जिनके अंत में अंग्रेजी के स्माल लेटर में apk लिखा हो तो कोई भी उसे डाउनलोड न करें। उस पर क्लिक ही न करें। ऐसे मैसेज तत्काल बिना क्लिक किए ही क्लियर चैट में जाकर हटा दे, अगर हम गलती से या जानबूझकर भी क्लिक करते हैं तो उक्त ऐप को खोलते या डाउनलोड करते ही आपका मोबाइल हैक हो जाएगा और आपके खाते से सारे पैसे गायब हो जाएंगे। स्थिती यह है कि ऐसे फाइल जो आजकल आ रहे हैं ये पाकिस्तान के होते हैं, भारत सरकार के लिए भी ऐसे ऐप से फ्रॉड करने वालों को पकड़ना काफी मुश्किल भरा होता है। जीतने का नुकसान नहीं होता उससे ज्यादा नुकसान उन्हें पकड़ने के लिए सरकार को उठाना पड़ जाता है इसलिए जागरूकता ही सुरक्षा है। उन्होंने महिला कमांडो द्वारा किए जा रहे नशा मुक्ति के  कार्यों की सराहना की। साथ ही पंचायती राज के तहत मिलने वाले अधिकारों के बारे में बताया कि अगर कोई  पंचायत के ग्रामीण विभाग को लिखकर दे दें कि हमारे गांव से अब शराब दुकान हटाई जाए तो सरकार को अगले सत्र से ऐसा करना अनिवार्य हो जाता है। विधिक जागरूकता के इस कार्यक्रम को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय बंजारे ने भी संबोधित किया। उन्होंने सूचना के अधिकार की जानकारी दी। इसके अलावा अधिवक्ता टीकम सिंह साहू ने भी साइबर क्राइम से सचेत रहने के लिए महिलाओं को आग्रह किया।  उन्होंने सजगता ही सुरक्षा की बात कही।
 

गुंडरदेही पुलिस ने बताया- कैसे हो रही आजकल ठगी 

इस दौरान स्थानीय थाने से पहुंची टीम द्वारा साइबर क्राइम को लेकर विशेष जानकारी महिला कमांडो को दी।  सभी को बताया गया कि किस तरह से आजकल ठगी के नए नए तरीके अपनाए जा रहे हैं और उनसे हमें कैसे बचना है।  कमांडो को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई ओटीपी साझा न करें।  कोई अनलाइन भुगतान का रिक्वेस्ट भेजे तो उस पर क्लिक न करें।  अपना यूपीआई पिन सिर्फ पैसे भेजते समय ही इस्तेमाल करते हैं । किसी भी अनजान को अपना आधार नंबर या आधार अथवा बैंक से लिंक मोबाईल नंबर बिल्कुल भी न दे। गाँव में भी अगर कोई बाहर से आकर कोई सर्वे आदि करता है, खुद को जनपद या कहीं से भेजा हुआ बताए तो भी यकीन न करें, उन्हे कोई निजी जानकारी न दे बल्कि उनसे सर्वे का सरकारी आदेश दिखाने बोले।  आँगन बाड़ी कार्यकर्ता भी इसका विशेष ध्यान रखें।  महिलाओ से जुड़ी योजनाओ जैसे जननी सुरक्षा योजना, मातृ वंदना योजना के नाम पर भी फर्जी कॉल आते हैं।  इस दौरान कुछ महिला कमांडो ने प्रश्न भी पुलिस वालों से पूछे और उनसे सुझाव मांगे गए। 

गाँव जाकर हर घर तक पहुंचाते रहे जागरूकता की बात 

पद्मश्री शमशाद बेगम ने भी सभी महिला कमांडो से अपील की है कि बैठक में बताए गए निर्देशों का पालन गांव जाकर जरूर करें। जो भी जागरूकता की बात बताते हैं उसे गाँव में लोगों को समझाए।  बिना हेलमेट के वाहन न चलाने, यातायात के नियमों का पालन करने की अपील भी कमांडो करती हैं। नशामुक्ति और साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता को लेकर ही ये विशेष बैठक रखी गई थी। साथ ही उन्होंने शासन की योजनाओं को लेकर भी निर्देशित किए कि जनता तक उन्हें पहुंचाने में मदद करें। महिला कमांडो से गांव के सुधार के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिले इस हेतु भी जागरूकता अभियान चलाने के लिए अपील की गई। रजत महोत्सव में विभिन्न आयोजन करने, आदि कर्मयोगी अभियान में भी भागीदारी करने की अपील पद्मश्री शमशाद बेगम ने सभी कमांडो से की है।  इस अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक खेमलाल ठाकुर, प्रधान आरक्षक कमलेश रावटे, आरक्षक समनेश कुमार साहू सहित  अधिवक्ता छवि लाल बंजारे, टाकेश्वरी साहू, शेख इमरान, पैरालीगल वालंटियर गुंडरदेही देवेंद्र कुमार साहू, रफ़ीक खान, दीपक यादव आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page