DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

16 दिनों तक चलेगा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान

बालोद। महिलाओ को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए 17 सितंबर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत की गई है। बालोद जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.एल. उईके के मार्गदर्शन में 16 दिनों तक यह अभियान जारी रहेगा। इसका समापन गांधी जयंती पर किया जाएगा। इसी के तहत आयोजित बालोद जिला अस्पताल में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित नगर के पार्षद शामिल हुए। वहीं जिला अस्पताल सहित जिले के 201 स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण जनप्रतिनिधियों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित आम लोगों ने सुना। वहीं रंगोली के माध्यम से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान को आम जनमानस तक पहुंचाया गया।वहीं सीएमएचओ ने बताया महिलाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण हमारे परिवारों, समुदायों और समग्र राष्ट्र की प्रगति पर आधारित इस अभियान के तहत जिले में हेल्थ कैम्प का आयोजन किया जायेगा। जिसमें महिलाओं बच्चों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवायें सहित विशेषज्ञों की सेवाएं प्रदान किया जाएगा। उक्त आयोजन को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं पहुंच विहीन क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। महिलाओं का उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुह कैंसर, स्तन व गर्भाशय कैंसर टीबी एवं अन्य रोगों का परीक्षण और गर्भवती महिलाओं तथा प्रजनन आयु वर्ग 15 से 49 उम्र की महिलाओं का एनीमिया जांच व परामर्श सेवा प्रदाय किया जाएगा। साथ ही एनेमिक हितग्राहियों को आयरन की गोली उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं सिकल सेल की स्क्रीनिंग, परामर्श व सिकल सेल कार्ड का विवरण भी किया जाएगा।

इन सेवाओं का मिलेगा फायदा

मातृत्व स्वास्थ्य सेवा अंतर्गत महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, परामर्श व मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड विवरण PMSMA दिवस का आयोजन, उच्च जोखिम गर्भावस्था का चिन्हांकन, शिशु व किशोर स्वास्थ्य सेवा अंतर्गत बच्चों का टीकाकरण, किशोर- किशोरियों की एनीमिया जांच, उपचार व परामर्श सेवा, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हांकित बच्चों का आपरेशन एवं उपचार किया जाएगा।

जागरूकता कार्यक्रम का होगा आयोजन

अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें पोषण, वेलनेस एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर किशोरियों व महिलाओं को जागरूक करना इसके लिए स्कूल, आश्रम में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में स्व सहायत समूहों व पंचायत प्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा। टीबी मुक्त अभियान अंतर्गत जन सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र बनाने हेतु प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य संस्थाओं तथा भारतीय रेडक्राॅस सोसायटी के सहयोग से विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। अभियान को व्यापक बनाने हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियो, निजी स्वास्थ्य संस्थाओं, अस्पतालों और क्लीनिक की भागीदारी भी रहेगी।

You cannot copy content of this page