बालोद – इन दिनों एक मांग पत्र काफी चर्चा में है, वह है विशाखापट्टनम – दुर्ग-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को दल्लीराजहरा तक विस्तार करने की मांग, जिसके लिए जिलेवासी लगातार सांसद भोज राज नाग को ज्ञापन/आवेदन/ पत्र लिख रहे हैं ताकि जनता की मांग को वे केंद्र सरकार/ रेल मंत्रालय तक पहुंचा कर इस ओर ध्यान आकर्षित कर सके। सांसद को लिखे जा रहे पत्र में जिक्र है कि 18530/18529 विशाखापट्टनम – दुर्ग-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को दल्लीराजहरा तक विस्तार किया जाए। 18530/18529 विशाखापट्टनम – दुर्ग – विशाखापट्टनम एक्सप्रेस वर्तमान में दुर्ग तक ही संचालित होती है। यदि इस गाड़ी का विस्तार दल्लीराजहरा तक किया जाए तो क्षेत्रवासियों को अत्यधिक सुविधा होगी। इसलिए इस विषय को संसद एवं रेलवे मंत्रालय के समक्ष उठाकर 18530/18529विशाखापट्टनम – दुर्ग-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस का विस्तार दल्लीराजहरा तक करने की मांग लोग सांसद के जरिए कर रहे।
विस्तार की आवश्यकता के मुख्य कारण –
- दल्लीराजहरा में बड़ी संख्या में दक्षिण भारतीय लोग निवास करते हैं, जिन्हें अपने गृह राज्य आंध्रप्रदेश और तेलंगाना जाने के लिए यह ट्रेन अत्यधिक सहूलियत प्रदान करेगी।
- विशाखापट्टनम पर्यटन के लिए आजकल छत्तीसगढ़ वासियों का पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। इस ट्रेन के विस्तार से पर्यटकों की आवाजाही सरल होगी।
- ट्रेन का दुर्ग पहुँचने का समय सुबह 6 बजे तथा दुर्ग से प्रस्थान का समय शाम 6:30 बजे है। इन 12 घंटों के अंतराल का सदुपयोग कर ट्रेन को दल्लीराजहरा तक चलाया जा सकता है, जिससे अतिरिक्त समय या संसाधन पर अधिक बोझ नहीं पड़ेगा।
- आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी बालोद जिले को एक भी एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा नहीं मिल पाई है। इस विस्तार से जिले की जनता को पहली बार सीधी एक्सप्रेस ट्रेन सुविधा मिलेगी।
- यह कदम स्थानीय जनता के लिए ही नहीं बल्कि रेलवे के राजस्व वृद्धि और छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश के बीच व्यापार एवं संपर्क को बढ़ावा देने के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
