मामला राजा राव पठार वीर मेला स्थल का, समाज के पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी
काम अधूरा बता कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अधिकारी कर रहे मामले में लीपापोती
गुरूर ( दीपक देवदास )। बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक के अंतिम छोर पर स्थित गांव कर्रेझर के तहत आने वाले आदिवासियों के प्रमुख धार्मिक स्थल राजा राव पठार में 450 मीटर लंबाई का बन रहा सीसी रोड भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। इस पठार के पास हर साल शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर वीर मेला का आयोजन किया जाता है। जहां पिछले साल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगमन के दौरान उनके द्वारा नेशनल हाईवे से लेकर मंदिर स्थल तक सीसी रोड की घोषणा की गई थी । इस घोषणा के बाद 38 लाख 50 हजार रुपए स्वीकृत भी हो गए। आरईएस विभाग के अंतर्गत यह काम हो रहा है। लेकिन स्थिति यह है कि एक महीने के भीतर ही सीसी रोड फटने लगी है। जगह-जगह सीसी रोड में दरार पड़ गई है। जिससे अभी से ही कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगा है। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विभिन्न कार्यों में सीसी रोड के साथ-साथ यहां पुलिया निर्माण, प्रवेश द्वार निर्माण भी शामिल है। जो कार्य सीसी रोड के साथ-साथ धीरे-धीरे चल रहे हैं। पर सीसी रोड में पड़ने लगी दरारों को देखकर इसकी गुणवत्ता का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। मामले की जानकारी मिलने पर बीते दिनों कुछ जनप्रतिनिधि भी मौके पर देखने के लिए पहुंचे थे और विभाग को निर्माण कार्य में की गई लापरवाही को लेकर शिकायत की गई है। जिस पर आरईएस विभाग के अधिकारियों द्वारा मामले की जांच करने और सीसी रोड की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। पर सवाल यही उठता है कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित इस कार्यक्रम में गुणवत्ता का किस कदर ख्याल रखा जा रहा है यह जग जाहिर हो रहा है। विभाग द्वारा किसी तरह की निगरानी ना होने से संबंधित ठेकेदार द्वारा अनियमितता पूर्वक काम कर दिया गया है। जहां एक ओर भाजपा सरकार सुशासन के दावे, भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ की बात कहती है तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री द्वारा घोषित कार्य में ही इस तरह से भ्रष्टाचार किया जाना शासन प्रशासन के दावों पर सवाल उठाता है। जानकारी के अनुसार उक्त घटिया निर्माण बालोद के एक ठेकेदार पुरुषोत्तम साहू द्वारा किया गया है।

मामले में कौन क्या कह रहे यह भी पढ़िए……
52 गांव की आस्था का सवाल, नहीं होना चाहिए गुणवत्ता में कमी
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने कहा कि मामला गंभीर है, इसको लेकर विगत दिनों सामान्य सभा की बैठक में भी हमने मुद्दा उठाया था। गिट्टी की क्वालिटी को लेकर भी बात आई थी जिस पर इंजीनियर को फटकाई लगाई गई थी तो वहीं ठेकेदार द्वारा भी इसमें लापरवाही बरती जा रही है। यह राजा राव पठार 52 गांव के आदिवासी लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ स्थान है। ऐसी जगह पर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी मिली है, जाकर देखूंगा
पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रभात कुमार ध्रुवे ने कहा कि मामले की जानकारी मुझे भी मिली है। वीर मेला राजा राव पठार स्थल पर सीसी रोड बन रहा है, वह अभी से टूटने लगा है। ऐसा नहीं होना चाहिए ।जाकर मैं भी देखता हूं कि क्या-क्या गड़बड़ी हुई है। बहुत पहले जब सीसी रोड बन रहा था तो समय-समय पर पानी तराई को लेकर मैंने ठेकेदार और उनके लोगों को कहा था। उनके द्वारा कहा जाता था कि बारिश होती है तो पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती। पर अब दरार आ रही है तो कहीं ना कहीं निर्माण में लापरवाही बरती गई है।
अधिकारी कह रहे एस्टीमेट में तकनीकी त्रुटि की बात
वीर मिला आयोजन समिति के अध्यक्ष यूआर गंगराले और सचिव कृष्णा ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में कोताही बरती गई है। हमें तो निर्माण में पूरी गुणवत्ता चाहिए। जब हमने इस संबंध में विभाग से जानकारी ली तो कहा जा रहा है कि एस्टीमेट में तकनीकी त्रुटि है। जिसके कारण यह परेशानी आई है। मिट्टी अंदर से धंस गई है। बात चाहे जो भी हो काम सही होना चाहिए। अधिकारियों ने हमें जहां-जहां दरार आई है उनकी मरम्मत का आश्वासन दिया है।
करवाएंगे मरम्मत….
आर ई एस एसडीओ रामनारायण मारकन्डेय ने कहा कि मुझे भी जानकारी मिली है। बता रहे है कि कुछ जगह दरार आने लगा है। जिनका मरम्मत कराया जाएगा।
अभी रनिंग में है काम, मरम्मत हो जाएगा
इंजीनियर व्यास नारायण ने बताया कि अभी सीसी रोड का काम निर्माणाधीन है। 450 मीटर लंबाई का बनना है, जिसमें लगभग 300 मीटर का काम हो चुका है। बाकी काम जारी है। जहां दरार आ रही है उस हिस्से को काटकर मरम्मत कर दिया जाएगा।
