DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कांदुल के ग्रामीणों ने अचानक किया बिजली कटौती को लेकर अर्जुंदा दफ्तर का घेराव, कर्मचारी से की मारपीट, सरकारी काम में बने बाधा, 17 ग्रामीणों के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज

देखिए हंगामा करते ग्रामीणों की वीडियो

देर रात तक रही तनावपूर्ण स्थिति, अर्जुंदा पुलिस युवकों को समझाती रही, पर वे अपने जिद में अड़े सड़क पर लेट गए

बालोद/ अर्जुंदा। अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम कांदुल के ग्रामीणों ने सोमवार की रात करीब 9:30 बजे बार बार बिजली कटौती करने का आरोप लगाते हुए बिजली दफ्तर अर्जुंदा का घेराव कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण जिनमें खासकर युवा शामिल थे, अचानक रात को गाड़ियों से अर्जुंदा पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली दफ्तर के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा बिजली दफ्तर में तोड़फोड़ की गई तो एक कर्मचारी को बाहर निकालकर मारपीट तक कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल अर्जुंदा पुलिस बल पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास करती रही। पर लगभग 150 से 200 ग्रामीण रात को पहुंचे थे।हालातों को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाते हुए मोर्चा संभाला और करीब 2 घंटे तक ग्रामीणों को चक्काजाम ना करने और प्रदर्शन बंद करने समझाने का प्रयास करते रहे। पर ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े रहे। इस बीच मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्का जाम करने के दौरान यातायात काफी बाधित हुआ। मरीज को अस्पताल ले जाने वाली गाड़ी सहित अन्य जरूरी काम से जा रही गाड़ियां भी इस जाम में फंसी रही। एक मरीज को राजनांदगांव ले जा रहे थे पर उस गाड़ी को भी ग्रामीण रोक रहे थे, गाड़ी के सामने तो एक युवक लेट भी गया था। पुलिस उन्हें उठाने का प्रयास करती रही काफी देर बाद मरीज वाली गाड़ी को जाने दिया गया। लगभग 2 से 3 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद मामला शांत हुआ। वही बिजली विभाग के जेई द्वारा अपने कर्मचारी पर किए गए मारपीट और विभाग के दफ्तर की गई तोड़फोड़ के कारण सरकारी काम में बाधा डालने, बलवा सहित अन्य अपराधों को अंजाम देने के कारण अर्जुंदा थाने में रिपोर्ट लिखाई गई है। जिसमें रात में प्रदर्शन करने पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों में 17 ग्रामीणों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है।

You cannot copy content of this page