27 जुलाई को बालोद जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में आयोजित किया जाएगा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा



जिले में परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण

अपर कलेक्टर एवं एडीशनल एसपी ने परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर व्यापम के निर्देशों की दी जानकारी

बालोद। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा पूरे राज्य की भाँति रविवार 27 जुलाई को बालोद जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में व्यापम द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक परीक्षा के आयोजन के लिए नोडल आब्र्जवर, समन्वयक आब्र्जवर, केन्द्र अधीक्षक आदि अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है। इसके अलावा सभी परीक्षा केन्द्रों में सुरक्षा अधिकारियों की ड्यूटी के अलावा परीक्षा केन्द्रों तक प्रश्न पत्र आदि को सुरक्षित पहुँचाने हेतु अधिकारी-कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार आज अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री अजय किशोर लकरा एवं पुलिस नोडल अधिकारी एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर व्यापम द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। इन दोनों अधिकारियों ने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को व्यापम द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का शत प्रतिशत पालन करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन में अपनी बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नोडल आब्र्जवर, समन्वयक आब्र्जवर एवं केन्द्र अधीक्षकों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा ने कहा कि रविवार 27 जुलाई को जिले के 22 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित आबकारी परीक्षा में कुल 6500 अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
बैठक में श्री लकरा ने बताया कि आबकारी आरक्षक परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नकल आदि के प्रकरण पर पूर्णतः रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु परीक्षार्थियों के गहन जाँच हेतु सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में दो घण्टा पूर्व पहुँचना अनिवार्य है। इस तरह से विद्यार्थियों को 09 बजे परीक्षा केन्द्रों में अनिवार्य रूप से पहुँचना होगा। इसी तरह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के अंतर्गत साड़ी आदि विशेष पोशाक पहनकर आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में निर्धारित समय से 03 घण्टा पूर्व पहुँचना अनिवार्य है। जिससे उनकी सुरक्षा आदि की जाँच की प्रक्रिया सही तरीके से सुनिश्चित की जा सके। श्री लकरा ने बताया कि परीक्षा प्रारंभ होेने के आधा घण्टा पूर्व मुख्य द्वार को बंद कर दिया जाएगा। बैठक में श्री लकरा ने परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारियों को आबकारी आरक्षक परीक्षा हेतु व्यापम द्वारा जारी किए दिशा-निर्देशों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को व्यापम द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर ही परीक्षा की सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस नोडल अधिकारी एवं एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने व्यापम द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर परीक्षा के दौरान नकल एवं अवांछित गतिविधियों पर पूर्णतः रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम सभी का यह उद्देश्य होना चाहिए कि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित की जाए। जिससे कि योग्य एवं मेहनतकश अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने परीक्षार्थियों से व्यापमं के दिशा-निर्देशों का पालन कर सफलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आयोजित परीक्षाओं में शामिल होेने वाले बालोद जिले के अभ्यर्थियों से व्यापम द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शीपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। जिससे कि प्रतियोगी परीक्षाओं में योग्य एवं मेहनतकश लोगों का चयन सुनिश्चित हो सके। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शीपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर अब व्यापम द्वारा आयोजित आगामी सभी परीक्षाओं में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व सभी अभ्यर्थियों का अनिवार्य रूप से हैण्डहेल्ड मेटल डिटेक्टर से तथा मैन्युअल पैट डाउन फ्रिस्किंग किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों में 01-01 महिला एवं पुरूष पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मी द्वारा परीक्षा केन्द्र में बनाए गए अस्थायी कक्ष में किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रविवार 27 जुलाई को बालोद जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में व्यापंम द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने व्यापम द्वारा 27 जुलाई को आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होेने वाले जिले के सभी अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक परीक्षा के आयोजन में सहयोग करने को कहा है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर व्यापम द्वारा आयोजित आगामी सभी परीक्षाओं में परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुँचना अनिवार्य है, जिससे कि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन सही तरीके से किया जा सके। इसके अंतर्गत 27 जुलाई 2025 से होने वाले परीक्षाओं में 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े तथा फुटवियर के रूप में चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्राॅनिक उपकरण, इलेक्ट्राॅनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधे घंटे में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना भी वर्जित है। व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षाओं के निगरानी हेतु 03 सदस्यीय उड़नदस्ता दल का प्रावधान है जिसमें 01 पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से अब शामिल किया गया है, जो परीक्षा केन्द्र के साथ-साथ, उसके परिसर एवं गेट के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। फ्रिस्किंग के नए प्रावधान को व्यापम द्वारा जिले के नोडल अधिकारी एवं समन्वयक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अवगत कराया गया। अब व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा में परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र तथा मूल पहचान पत्र के साथ परीक्षा केन्द्र में 02 घंटा पूर्व पहुँचना अनिवार्य किया गया है। जिससे उनका फ्रिस्किंग का कार्य परीक्षा प्रारंभ के पूर्व संपन्न किया जा सके।

You cannot copy content of this page