कहा : गांव की अन्य समस्याओं को भी जल्द सुलझाएंगे, नया पंचायत भवन बनवाने करेंगे पूरा प्रयास
बालोद। डौंडीलोहारा ब्लॉक के वनांचल ग्राम मड़ियाकट्टा में बुधवार 23 जुलाई को मंगल भवन ग्राम मड़ियाकट्टा और कला मंच आश्रित ग्राम राहटा का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन के मुख्य अतिथि विधायक अनिला भेड़िया थे। अध्यक्षता ग्राम सरपंच आनंद राम रावटे ने की । विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य राजाराम तारम, जनपद सदस्य तेजेश्वरी दुग्गा, प्रदेश प्रतिनिधि कांग्रेस अनिल लोढ़ा, विधायक प्रतिनिधि गोविंद चंद्राकर, मेघनाथ साहू, भगवानी राम सिन्हा ,कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रतिराम कोसमा, नगर पालिका बालोद के पूर्व अध्यक्ष विकास चोपड़ा मौजूद रहे। जैसे ही विधायक का आगमन हुआ, ग्रामीणों ने उन्हें बाजे गाजे के साथ स्वागत करते हुए आयोजन स्थल तक लाया। लोकार्पण के बाद आयोजित मंचीय कार्यक्रम में पहुंचे। जहां पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित किया। इस दौरान सरपंच द्वारा गांव की कुछ समस्या जैसे जर्जर पंचायत भवन, कुछ वार्डों में सीसी रोड और अन्य आश्रित गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर मांगे रखी। विधायक ने आश्वस्त किया कि हम लगातार इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। शासन प्रशासन से जैसे ही फंड की व्यवस्था होती है हम उन मांगों को एक-एक करके पूरा करेंगे। जिला पंचायत सदस्य राजाराम तारम ने भी इसी तरह का आश्वासन दिया ।वहीं मंगल भवन के लोकार्पण के बाद यहां मिलने वाली ग्रामीणों को सुविधाओं के बारे में विधायक ने बताया । विधायक अनिला भेड़िया ने भाजपा सरकार की नाकामियां और जनता सहित किसानों को हो रही विभिन्न परेशानियों के बारे में भी विस्तार से बताया। खाद की समस्या, बिजली कटौती, बिजली बिल में वृद्धि सहित अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर भी उन्होंने बात रखी।
सरपंच ने कहा मंगल भवन में लग रही है पंचायत, पुराना भवन हो चुका है जर्जर, बैठने लायक नहीं
आयोजन के दौरान अपनी मांग रखते हुए सरपंच आनंद राम ने कहा कि हमारे गांव का पंचायत भवन काफी जर्जर हो चुका है। जहां अब बैठना काफी खतरनाक है। इसलिए विगत कुछ महीने से हम मंगल भवन में ही पंचायत कार्यालय को शिफ्ट कर चुके हैं। पर गांव वाले इस पर आपत्ति करते हैं कि पंचायत के लिए शासन प्रशासन से अलग भवन बनवाओ। मंगल भवन सार्वजनिक उपयोग के लिए है। ऐसे में पंचायत विवश नजर आ रही है। शासन प्रशासन से उन्हें सहयोग नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए कई बार मांग कर चुके हैं । विधायक ने आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द पंचायत भवन बनवाने के लिए उनके द्वारा प्रयास किया जाएगा।
