गौठान से गो तस्करी का मामला पहुंचा थाने, सामाजिक कार्यकर्ता गोरेलाल सोनी सहित विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों ने की पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग



बालोद/डौंडी। नगरपंचायत डौंडी के मंगलू गार्डन स्थित गौठान से 13 जुलाई की रात 350 मवेशी गायब हो गए हैं। वर्ष 2023 में भी सामुदायिक भवन से 300 गौमाता लापता हुई थीं। 600 से ज्यादा मवेशियों की तस्करी का मामला सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता गोरेलाल सोनी ने यह मामला उठाया है। 16 जुलाई को यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक अनिला भेड़िया ने 16 जुलाई को विधानसभा में मामले पर सवाल उठाने वाली थी पर विधान सभा सत्र स्थगित होने से अब मामला आज गरमाएगी। खबर सामने आने के बाद डौंडी नगर पंचायत के सभी पार्षद लामबंद हो गए।

विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल और गोरेलाल सोनी ने डौंडी थाना में अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया है। त्वरित जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। सामाजिक कार्यकर्ता गोरेलाल सोनी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाते हुए बताया है कि वर्ष 2023 में सामुदायिक भवन से करीब 300 मवेशी भाजपा पार्षद संजीव मानकर के इशारे पर निकाय के सफाई कर्मचारी कैलाश पिस्दा और जीतू यादव ने आमाडुला जंगल ले जाकर कोचिया दलाल खेतीहार को सौंपे थे। यह जानकारी खुद कैलाश और जीतू ने सोनी को दी। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उनके (गोरेलाल सोनी) पास सुरक्षित है। जरूरत पड़ने पर पुलिस को वीडियो दी जाएगी। सोनी ने मांग की कि कोचिया खेतीहार से सख्ती से पूछताछ की जाए। पता लगाया जाए कि मवेशियों को वह खुद कत्लखाने ले गया या इसके पीछे और लोग भी जुड़े हैं। पुलिस को पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए। तभी सभी दोषी सामने आ सकेंगे और भविष्य में ऐसे अपराधों पर रोक लगेगी। 13 जुलाई रात गौठान से 350 गायब मवेशी की जांच पुलिस प्रशासन द्वारा सुक्ष्म किए जाने से मामले में संलिप्त लोगों का पता चलेगा।

शिवसेना ने भी मामले को संज्ञान में लिया

गौ हत्या करने वालो पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते शिवसेना के बड़े नेताओं ने भी डौंडी गोठान से तस्करी मामला को संज्ञान में लिया है। 16 जुलाई को शिवसेना के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव के निर्देश पर डॉक्टर संजीव कुमार, हर्ष शर्मा, चेतनलाल साहू, अनिल राजपूत, शकुंतला देवांगन और डेविड सोनी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी उमा ठाकुर से मिलकर ठोस कार्रवाई की मौखिक मांग की गई।

आरोप पर क्या कहा पार्षद ने

इधर आरोप पर पार्षद और नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव मानकर ने कहा कि उन्होंने भी स्वयं हाल ही में गायब हुए गौ माताओं की जांच की मांग थाना प्रभारी से की है ।अन्य पार्षदों के साथ संयुक्त रूप से आवेदन दिया गया है। वहीं उन पर लगाए गए आरोप निराधार है। 2023 में जो मवेशी गायब हुए थे, उस समय हमारे समक्ष ही नगर पंचायत के दो कर्मचारी कैलाश और जीतू ने कबूल किया था कि उन मवेशियों को उन्होंने आमाडुला जंगल में छोड़ा है।

You cannot copy content of this page