DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एएफसी महिला एशियन कप में क्वालिफाई की भारतीय टीम, बालोद की किरण भी है इसका हिस्सा, जिला सहित प्रदेश ने बेटी पर जताया नाज..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की बेटी किरण पिस्दा ने देश और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने 22 साल बाद एएफसी महिला एशियन कप में क्वालिफाई किया है, और इस गौरवशाली टीम का हिस्सा बालोद की किरण पिस्दा बनी हैं। बतौर डिफेंडर 23 सदस्यीय भारतीय टीम में चयनित किरण ने इतिहास रच दिया है। किरण के पिता बालोद कलेक्ट्रेट में सहायक अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम का जबरदस्त प्रदर्शन
दरअसल, थाईलैंड में चल रहे क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मेजबान थाईलैंड को 2-1 से हराया और ग्रुप-बी के चारों मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही टीम ने एएफसी महिला एशियन कप 2026 में अपनी जगह पक्की की, जो ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा।

पहली बार एशियन कप में भारत ने किया प्रवेश
गौरतलब है कि, भारत की महिला टीम 2003 के बाद पहली बार इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में जगह बना पाई है, और क्वालिफायर्स फॉर्मेट के तहत यह पहली बार है जब भारत ने एशियन कप में प्रवेश किया है। किरण की यह उपलब्धि बालोद जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है और छत्तीसगढ़ की बेटियों के सपनों को उड़ान देने वाली ऐतिहासिक सफलता भी है।

नेशनल फुटबाॅल खिलाड़ी सुश्री किरण पिस्दा का जिला प्रशासन बालोद ने किया सम्मान,अपर कलेक्टर ने शाॅल व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर दी बधाई व शुभकामनाएं

खेल प्रतिभा से बालोद जिले सहित राज्य व देश का नाम रोशन करने वाली नेशनल फुटबाॅल खिलाड़ी सुश्री किरण पिस्दा का आज जिला प्रशासन बालोद द्वारा सम्मान किया गया। अपर कलेक्टर श्री चंद्रकंात कौशिक ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सुश्री किरण पिस्दा को प्रतीक चिन्ह व शाॅल प्रदान कर सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला स्तरीय सभी अधिकारियों ने खुशी जाहिर करते हुए तालियों के माध्यम से बधाई दी। डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर ने बताया कि भारतीय महिला फुटबाॅल टीम ने हाल ही में एएफसी एशियन कप के लिए क्वालिफाई किया है, उक्त टीम में बालोद जिले की सुश्री किरण पिस्दा भी शामिल है। सुश्री किरण पिस्दा के पिता श्री महेश पिस्दा जिला कार्यालय बालोद में सहायक अधीक्षक के पद में पदस्थ हैं।

You cannot copy content of this page