बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद के तत्वाधान में 28 जून शनिवार को ग्राम बरही में एक पेड़ मां के नाम थीम पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें विशेष रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष व रेडक्रास सोसायटी के चेयरमेन तोमन साहू ,आदिमजाति सेवा सहसमिति के अध्यक्ष भावेश उइके , सरपंच कोमिन सिन्हा , ग्रामीण अध्यक्ष माखन लाल साहू, समिति प्रबंधक लालू राम साहू,बिसुन लाल ठाकुर, देवकुमारी साहू, नारायण साहू, ईश्वरलाल साहू, ब्रह्माकुमारीज संचालिका बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी , सरिता दीदी उपस्थित रहे। जिनके द्वारा 205 नग वृक्षों का रोपण किया गया। मंच संचालन भोपसिंह साहू ने किया। बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि , जंगल, जानवर, जमीन, जनता इन सभी के समूह मिलकर बनता है पर्यावरण। वर्तमान समय में प्रदूषण इतना विकराल रूप ले चुका है कि हरेक को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझने की जरूरत है। आजकल प्लास्टिक बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। इससे प्रकृति का दम घुट रहा है। प्रकृति ने हमें सब कुछ दिया है लेकिन जब हम लोभ वश उसका अत्यधिक दोहन करने लगते है तब समस्या शुरू होती है। इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनका संवर्धन करें।
बी.के. सरिता दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल जन अभियान के तहत उन्होंने कहा कि जल है तो हमारा भविष्य है। जल प्रकृति द्वारा मनुष्य को दी गई महत्वपूर्ण सम्पत्तियों में से एक है। बिना जल के जीवन की कल्पना संभव नहीं है। जल की कमी धीरे-धीरे बढ़कर एक गम्भीर समस्या का रूप लेती जा रही है। जन संख्या विस्फोट, बढ़ता प्रदूषण अंधाधुंध औद्योगीकरण, निरंतर गिरता भू जल का स्तर वृक्षो का कटाव तथा पानी की बर्बादी आज सबसे बड़ी समस्यायें है। तोमन साहू ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम हरेक को अवश्य लगाना है। भारतीय संस्कृति में पेड़ को मां माना गया है, जब हम एक पेड़ लगाते है तो सिर्फ जड़े नहीं गाड़ते बल्कि हम संस्कृति, कर्तव्य और भविष्य को भी रोपते है। मां जीवन देती है और पेड़ जीवन को संजोते है। इस तरह से ग्राम के सभी भाई बहनों ने मिलकर पौधा रोपण किया।
ग्राम बरही में हुआ एक पेड़ मां के नाम थीम पर वृक्षारोपण,205 पौधे लगाए गए
