DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत

बालोद। शहीद दुर्वासा लाल निषाद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी (ख) में 25 जून को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल देवरी (ख) के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत देवरी (ख) की माननीय सरपंच श्रीमती कुसुम देशमुख तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र निषाद और श्री गोविंद लाल साहू की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपसरपंच श्रीमती अंशु गायकवाड एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री टुमन लाल सेन ने किया तथा शाला के प्रधान पाठक राजेश कुमार वर्मा ने “माँ के नाम एक पेड़” विषय पर प्रेरणादायक विचार रखते हुए पर्यावरण एवं नैतिक मूल्यों पर बच्चों को संबोधित किया। प्रभारी प्राचार्य विजय कुमार रामटेके के द्वारा धन्यवाद भाषण दिया गया। इस अवसर पर कक्षा छठवीं के नव प्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर व पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, साथ ही निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के अंतर्गत सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से वृक्षारोपण किया गया। नेवता भोज के माध्यम से सभी बच्चों को सामूहिक रूप से भोजन कराया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रमोद कुमार देशमुख, मनोहर साहू, ललित साहू सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं में श्रीमती हरिका साहू, श्रीमती शशिकला बंजारे, श्री युगल किशोर देवांगन आदि की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। यह आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता, लगन और उत्साह का संचार करने में पूर्णतः सफल रहा। साथ ही यह कार्यक्रम शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल विषयों को समाज के साथ जोड़ने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना।

You cannot copy content of this page