दल्ली चौक से मधु चौक तक प्रस्तावित सड़क में डिवाइडर का हो रहा विरोध, कलेक्ट्रेट पहुंचे नगरवासी



बिना डिवाइडर के सड़क निर्माण और सुंदरीकरण की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बालोद। दल्ली चौक से लेकर जयस्तंभ चौक होते हुए मधु चौक तक बनने वाले मार्ग में प्रस्तावित डिवाइडर का विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में जानकारी मिलने पर दल्ली रोड से लेकर मधु चौक तक के अनेक रहवासियों और व्यापारियों ने आपत्ति जताते हुए बुधवार को कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा है। बता दें दल्ली चौक से मधु चौक तक डिवाइडरयुक्त सड़क बनाया जाना प्रस्तावित है। विभाग द्वारा नापजोख भी शुरू कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार इसमें मार्ग विभाजक (डिवाइडर) बनाया जाना है। इसकी जानकारी के बाद लोगों में इसका विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई वर्तमान में ठीक है और डिवाइडर की जद में वर्षो से लगे हुए पेड़ भी आ रहे हैं। डिवाइडर बनने के बाद गाड़िया घरों के पास से होकर गुजरेगी और उससे दुर्घटना की संभावना अधिक होगी और लोगों को पार्किंग की भी समस्याओं का सामना करना होगा। लोहारा रोड वार्ड 19 के निवासी 82 वर्षीय सेवानिवृत्त एसडीओ लोक निर्माण विभाग रामकिशोर अवस्थी ने बताया कि सड़क पर मार्ग विभाजक बनने के बाद गाड़िया घरों के पास से गुजरेगी जिससे दुर्घटना की आशंका ज्यादा होगी। उनका कहना है अगर सौंदर्यीकरण करना है तो सड़क के दोनों साइड पर लाइट लगाई जा सकती है। नागरिक महावीर ओझा ने बताया सड़क के बीचो बीच डिवाइडर नहीं बनाना चाहिए, सड़क चौड़ीकरण हो और दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगा देना चाहिए। तरुण बड़तीया का कहना है कि यह सड़क कोई राष्ट्रीय राज मार्ग और राज्य सड़क मार्ग नहीं है जिसमें डिवाइडर की आवश्यकता हो और शासन प्रशासन को उस जगह डिवाइडर बनाना चाहिए जहां इसकी ज्यादा आवश्यकता हो। इस सड़क पर मार्ग विभाजक की जरूरत नहीं है। सौंदर्यीकरण किया जाए। उन्होंने कहा वैसे भी नगर में व्यापार व्यवसाय कलेक्ट्रेट जाने के बाद लगभग खत्म हो गया है और जिला न्यायालय जाने के बाद और नगर में लोगों की आवाजाही कम हो जाएगी। तो इस मार्ग पर डिवाइडर की कोई आवश्यकता नहीं है। वहीं अन्य लोगों का कहना है शासन को डिवाइडर वहां बनाना चाहिए जहां पर भारी वाहनों का आना जाना लगा रहता है और आए दिन दुर्घटना हो रही है। ज्ञापन सौंपने महावीर प्रसाद ओझा, रामकिशोर अवस्थी , अनिल जैन सोहनलाल टावरी, दीपक चोपड़ा, घनश्याम साहू, मनोज चन्द्राकर, गणेश देवांगन, तरुण बड़तीया, विष्णु दुबे , शेख महमूद, उत्तम साहू आदि पहुंचे थे।

व्यवसाय भी होगा प्रभावित

इस सड़क के दोनों ओर के व्यापारियों ने भी डिवाइडर का विरोध किया है। व्यापारियों का कहना है कि वैसे भी इस क्षेत्र पर व्यवसाय कम ही है। डिवाइडर बनाए जाने के बाद व्यवसाय और ज्यादा प्रभावित होगा, क्योंकि डिवाइडर से एक तरफ के लोग दूसरी तरफ नहीं आ जा सकते। इससे आर्थिक नुकसान होगा। इसलिए डिवाइडर नहीं बनाया जाना चाहिए।

साल भर पहले भी डिवाइडर का हुआ था विरोध

दो साल पहले भी इस डिवाइडर योजना के विरोध में तत्कालीन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय पूर्व कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया था कि सड़क बनाए जाते वक्त इस बात का जरूर ध्यान रखा जाएगा कि किसी रहवासियों को तकलीफ ना हो। उन्होंने सर्वे करने के बाद सड़क बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। इस विरोध के बावजूद पीडब्ल्यूडी द्वारा डिवाइडर बनाया जाना समझ से परे है। रहवासियों ने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन व पीडब्ल्यूडी को भी ज्ञापन सौंपा गया है।

You cannot copy content of this page