DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दृश्यम फिल्म जैसे प्लानिंग के साथ मर्डर, यू-ट्यूब में देखा था क्राईम स्टोरी एवं पुलिस के इन्वेस्टिगेशन से बचने के तरीके ‍:पति ही निकला पत्नी का हत्यारा

आरोपी द्वारा अपना मोबाईल दुर्ग में छोड़कर योजनाबद्ध तरीके से अपना लोकेशन छिपाने का किया था प्रयास

नशे का आदी पति करता था पत्नी से कलह ,यही बना हत्या का कारण , पूर्व नियोजित हत्या को एक्सीडेंट साबित करने आरोपियों ने रचा था पूरा षडयंत्र

घटना के पूर्व आरोपियों ने घटना स्थल चयन के लिए की थी रेकी,तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण से हुआ हत्या का खुलासा

बालोद/ दल्लीराजहरा। अजय देवगन की दृष्यम फिल्म जैसा ही मर्डर करके लोकेशन छिपाने अपना मोबाइल दूसरे को दिया। हत्या को हादसे का रूप देकर एक पति ने दोस्त के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जिसका खुलासा बालोद जिले के एसपी योगेश पटेल ने गुरुवार को किया। जानकारी अनुसार 22 मार्च 2025 को शाम करीब 4.15 बजे दो स्कूटी सवार महिलाओं का मानपुर रोड बजरंग बली मंदिर के पास मोड़ में गिरी पड़ी होने की सूचना पर 108 एम्बुलेंस से शासकीय अस्पताल चिखलाकसा लाया गया था। जहां एक महिला जिसका नाम बरखा वासनिक था उसकी मौत हो गई थी एवं दूसरी महिला जिसकी नाम मथुरा मंडावी है, वह बेहोश व घायल थी। परिजनों को सूचना देकर थाना राजहरा में अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आईजी दुर्ग राम गोपाल गर्ग के आदेश पर एसपी योगेश पटेल, एएसपी मोनिका ठाकुर के निर्देशन में एवं डॉ चित्रा वर्मा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा के मार्गदर्शन में प्रकरण की विवेचना की जा रही थी। इस दौरान शेरपार के स्कूल के बच्चो के कथन अनुसार एक सफेद रंग बुलेरो वाहन सवार व्यक्ति द्वारा स्कूल छूटने का समय एवं मृतिका बरखा वासनिक के संबंध में पूछने की बात पाये जाने पर तकनीकी साधनो का उपयोग करते हुए एक संदेही को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि वह मृतिका बरखा वासनिक के पति शीशपाल वासनिक, जो कि विद्युत विभाग में सहायक इंजीनियर के पद पर रूआंबांधा दुर्ग में पदस्थ है, के कहने पर उक्त घटना में शामिल हुआ था। संदेही कयामुद्दीन पिता कैमुल हसन उम्र 24 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती रामनगर वार्ड क्रमांक 21 सुपेला भिलाई जिला दुर्ग के बताये अनुसार मुख्य आरोपी मृतिका का पति शीशपाल वासनिक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर दोनो से सामुहिक पूछताछ करने पर आरोपी शीशपाल ने बताया कि मृतिका से उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी दोनो के बीच दो बच्चे है। मृतिका हाई स्कूल शेरपार में शिक्षक वर्ग 1 के पद पर पदस्थ थी।शादी के बाद से ही दोनो के बीच वाद विवाद होता रहता था । जिसमें आरोपी अपनी पत्नी से मारपीट भी करता था। जिससे प्रताड़ित होकर मृतिका ज्यादातर समय बच्चों के देखभाल हेतु मायके राधिका नगर दुर्ग में रहती थी और आरोपी के पास वापस नहीं जाना चाहती थी। इस कारण वह पत्नी की हत्या करने के लिए कई दिनों पूर्व से योजना बना रहा था।अपने मोबाईल से अनेक क्राईम संबंधी विडियो को देखकर उसके द्वारा हत्या की योजना बनाई गई थी। उसने गाड़ी चलाने और और मृतका की गाड़ी को एक्सीडेंट करने के लिए ₹60000 में कयामुद्दीन को घटना को अंजाम देने के लिए (सुपारी किलिंग की तरह) शामिल किया था ।योजना अनुसार उसने 21 मार्च 2025 के रात्री में अपने विभाग के अनेक मोबाईल नंबरों की सूची बनाया। जिसमें हर मोबाईल नंबर के सामने समय का उल्लेख किया एवं उस सूची व अपने स्वयं के मोबाईल को उसके कार्यालय में पदस्थ स्वीपर राहुल रात्रे को देकर यह निर्देश दिया कि सूची में जिन जिन मोबाईल नंबरों के सामने समय लिखा हुआ है, कल दिनांक 22 मार्च 2025 को सूची में लिखे समय अनुसार उसके स्वयं के मोबाईल नंबर से फोन लगाकर बस हाय हलो ही बोलना है और दिनांक 22 मार्च 2025 को वह मोबाईल व फोन वाली लिस्ट को 12 बजे के बाद चालक मानस साहू को दे देना। फिर चालक को भी आरोपी द्वारा फोन के माध्यम से यही निर्देश दिया गया था कि अलग अलग लोकेशन में जाकर लिस्ट में लिखे मोबाईल नंबरों पर समय अनुसार फोन लगाना है। तब चालक मानस साहू द्वारा लिस्ट में लिखे नंबरों पर विभाग के कंट्रोल रूमों में फोन लगाया गया था तथा कुछ अन्य लोगों के कॉल भी आरोपी के मोबाइल पर आया था । इस प्रकार विवेचना के दौरान आरोपी का मोबाईल लोकेशन दुर्ग में ही प्राप्त हो रहा था । दूसरे दिन 22 मार्च 2025 को प्रात: लगभग 5 – 6 बजे अपने बोलेरो वाहन से नंबर प्लेट निकाल कर दुर्ग से निकल कर आरोपीगण मानपुर चौक पहुचे, वहां से मानपुर रोड का रेकी करते हुए ग्राम शेरपार हाई स्कूल के पहुंच कर पुन: वापस मानपुर चौक आते समय घटना स्थल ग्राम हितकसा के आगे बजरंग बली मंदिर के पास मोड को घटना कारित करने का स्थान चयन किया । पुन: शेरपार स्कूल के आगे आम बगीचा में रूक कर स्कूली बच्चो से स्कूल छूटने का समय एवं बरखा वासनिक के स्कूल आने के संबंध में पूछताछ कर स्कूल छूटने के समय 4 बजे शाम के कुछ देर पहले दोनो आरोपी बुलोरों से धीरे धीरे आगे बढ़ते हुए मृतिका बरखा वासनिक के स्कूटी का आने का इंतजार करने लगे । जैसे ही बजरंग बली मंदिर के थोड़ी दूरी पर बरखा वासनिक की स्कूटी पहुंची आरोपीगण अपने बुलेरो वाहन को धीरे कर दिये ताकि स्कूटी बुलेरो को ओवरटेक कर सके ,जैसे ही स्कूटी ने इनकी बुलेरो वाहन को ओवरटेक की वैसे ही मोड़ व ढलान में आरोपी शीशपाल द्वारा चालक कयामुद्दीन को कहा गया कि यही स्कूटी है ठोकर मारों । उसके कहने पर चालक कयामुद्दीन स्कूटी को पीछे से ठोकर मारने का प्रयास किया किन्तु स्कूटी को ठोकर दाहिने हिस्से में लगी, ठोकर लगने से दोनो स्कूटी सवार महिला गिर कर तड़प रहे थे। तभी आरोपी शीशपाल द्वारा बोलेरो वाहन को रूकवाकर गाडी से लोहे की राड निकालकर पत्नी बरखा वासनिक को तीन चार बार सिर व पीठ पर मार कर पुन: बोलेरो में बैठ कर तेज गति से वहां से भाग गये थे एवं लोहे के राड को वही पास के पुलिया के नीचे फेंक दिये थे। प्रकरण के विवेचना के दौरान आरोपी के निशानदेही पर लोहे के राड को, घटना स्थल तक आने जाने में उपयोग किये गये बोलेरो वाहन , आरोपी शीशपाल द्वारा राहुल रात्रे को दिये गये मोबाईल नंबरों वाला लिस्ट एवं दोनो आरोपी के मोबाईलों को जब्त किया गया।आरोपी शीशपाल वासनिक के मोबाईल का प्राथमिक जांच पर उसके यू-ट्यूब हिस्ट्री में क्राईम स्टोरी एवं पुलिस के इन्वेस्टिगेशन से बचने संबंधी ‍अनेक विडियो है। जिससे यह स्पष्ट है कि आरोपी द्वारा हत्या करने की योजना बनाने में इन्ही विडियो का सहारा लिया गया था। आरोपी पति शीशपाल वासनिक द्वारा अपने दोस्त कयामुद्दीन के साथ मिलकर षडयंत्र कर अपनी पत्नी बरखा वासनिक की हत्या की गई।

You cannot copy content of this page