नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने पेश किया बजट, कांग्रेसी पार्षदों ने बताया सिर्फ कागजी और झूठा आश्वासन, बाहर निकल कर जताया विरोध, बजट की कॉपियां फाड़ पन्ने उड़ाए,हुई नारेबाजी



बालोद । बालोद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया । जिस पर कांग्रेसी पार्षदों में बजट का विरोध करते हुए बैठक का बहिष्कार कर नगर पालिका से बाहर निकल गए और जमकर नारेबाजी की ।नगर सरकार हाय हाय और ट्रिपल इंजर सरकार फेल के नारे लगाए गए। वहीं बजट में जो सुविधा प्रस्तावित की गई है उसको कांग्रेसी पार्षदों ने सिर्फ कागजी और झूठा आश्वासन बताया। विरोध कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षद कसमुद्दीन कुरैशी ने शहर के मूलभूत समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस बजट में मूलभूत समस्याओं की निराकरण को लेकर कहीं कोई जिक्र नहीं है। इससे नगर का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। यह शहर वासियों के साथ सिर्फ छलावा है। सिर्फ कागजों में बड़ी-बड़ी बातें की गई है। वास्तविक धरातल से इनका कोई ताल्लुक नजर नहीं आ रहा है। वहीं वरिष्ठ पार्षद सतीश यादव ने भी विरोध जताते हुए कहा कि इस बजट में बाजार व्यवस्थापन की बात को सातवें बिंदु में आगामी प्रस्तावित कार्य में शामिल किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर पालिका का चुनाव हुआ तब स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, शासन प्रशासन के लोगों को लेकर बाजार व्यवस्थापन के लिए घूम रही थी। अब तक जो बाजार व्यवस्थापन जो नहीं करवा पाए हैं उसे भी इसमें शामिल किया गया है। यानी साफ है कि सिर्फ आश्वासन मिला है। बाजार व्यवस्थापन कब सफल होगा, इसका कोई ठिकाना नहीं है। पार्षद विनोद बंटी शर्मा ने कहा कि सिर्फ अनुमानित बातें इसमें रखी गई है। धरातल पर कुछ होने वाला नहीं है । लोगों को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए गए हैं । पर बजट में इसकी पूर्ण जानकारी नहीं दी गई है कि कैसे क्या काम होना है। सिर्फ यह अनुमान का बजट रह गया है। युवा पार्षद सुमित शर्मा ने भी कहा कि हर चीज में अनुमान ही अनुमान लिखा हुआ है। उसे आम जनता के साथ छलावा ही कह सकते हैं। ठोस कार्य योजना के अभाव में बालोद का वास्तविक विकास संभव नहीं है। पार्षद सुमित शर्मा ने बरसात से पूर्व नाली निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी और कहा कि बजट में तो इसका कहीं कोई जिक्र नहीं है। तो अध्यक्ष सहित नगर सरकार के लोगों द्वारा आश्वस्त किया गया कि बजट में जो 25 करोड़ शामिल किया गया है उसके तहत उक्त कार्य होंगे। कुल मिलाकर बजट को कांग्रेसी पार्षदों ने अस्पष्ट आंकड़ों वाला बजट बताया है। एक स्वर में कांग्रेस के पार्षदों ने कहा कि बजट में जो वादे किए गए हैं जो कार्य प्रस्तावित है, किस कार्य में कितना खर्चा होगा इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। एक तरह से यह झूठा बजट, कागजी बजट और पूर्ण विस्तार की जानकारी का अभाव वाला बजट है। नगर पालिका में 2025- 26 सत्र के लिए बजट पेश किया गया। जिसे हम सभी कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध किया है।नगर पालिका से बाहर निकल कर सभी कांग्रेसी पार्षदों ने बजट की कॉपियां लहराते हुए पन्ने फाड़ उड़ाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान प्रमुख रूप से पार्षद विनोद बंटी शर्मा, सतीश यादव, कसमुद्दीन कुरैशी, सुमित शर्मा, सुनील मालेकर, निर्देश पटेल, रीता सोनी, किरण साहू आदि मौजूद रहे।

इन प्रस्तावित कार्यों को शामिल कर दिखाया जा रहा है जनता को लॉलीपॉप

कांग्रेसी पार्षदों ने बजट में शामिल 14 प्रस्तावित कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब नगर की जनता को बेवकूफ बनाने के लिए लॉलीपॉप दिखाया जा रहा है। कुल आए 3049.00 लाख और वास्तविक आय 268. 14 लाख, कुल व्यय 3046.46 लाख, स्थापना व्यय 193.50 लाख, बचत 2.54 लाख और स्थापना व्यय का प्रतिशत 72% का आंकड़ा इस बजट के रिकॉर्ड में प्रस्तुत किया गया है। 2025- 26 में प्रस्तावित सम्मिलित सुविधाओं के नाम पर ताँदुला रिवर फ्रंट का निर्माण, प्रमुख चौक का सौंदरीकरण, तालाबों की सफाई एवं सौंदरीकरण तथा संरक्षण, बाजार व्यवस्थापन, महिलाओं के लिए पृथक व्यायाम शाला, शहर में आकांक्षी शौचालय की स्थापना, पेयजल सुविधा पूर्ण कराना, खेल एवं योग प्रोत्साहन, विद्युत पोल विस्तारीकरण एवं मार्ग में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, अटल परिसर का निर्माण, महतारी सदन का संरक्षण, मुख्य मार्ग में प्रवेश द्वार निर्माण, शहरी गौधाम योजना, युवा प्रोत्साहन योजना आदि को शामिल किया गया है। कांग्रेसियों ने कहा इन प्रस्तावित कार्यों को देखकर ही ऐसा महसूस हो रहा है कि यह बजट आम जनता की मूलभूत समस्याओं को दूर करने में नाकाम साबित होने वाला है। अभी तक के कार्यकाल में भी शहर की कई मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। अब इस बजट में सिर्फ झूठे आश्वासन वादे और इरादे नजर आ रहे हैं। जिससे कांग्रेसी पार्षदों ने इस बजट का बहिष्कार किया और बाहर निकल कर इस बजट पर विरोध जताया है।

You cannot copy content of this page