DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एक्सक्लूसिव: सिर्रा भांठा में बैगा की निषाद के घर में मिली लाश, गले पर धारदार हथियार से वार के निशान, 5 से ज्यादा ग्रामीण पूछताछ के लिए पुलिस की हिरासत में, इलाके में है बलि दिए जाने की चर्चा, घटनास्थल पर मिले हैं अंधविश्वास से जुड़े सामान

बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के हल्दी चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सिर्राभांठा में एक बैगा पुनीत ठाकुर निवासी सिर्राभांठा की अपने ही गांव के तिहारू निषाद के घर में संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिली है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि बैगा की बलि दी गई है। हालांकि इसकी पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना सोमवार की दोपहर 3:30 से शाम 4:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार तिहारू निषाद के घर कोई विशेष पूजा पाठ चल रहा था। जिसके लिए गांव के बैगा पुनीत ठाकुर सहित बाहर से अब अन्य तीन बैगा आए हुए बताएं जा रहे हैं। सभी के द्वारा बंदन, नींबू आदि के जरिए कुछ पूजा पाठ घर पर किया गया था। इस दौरान अंदर आखिर क्या हुआ कि शाम को खबर फैली की तिहारु निषाद के घर बैगा की लाश मिली है तो सनसनी फैल गई। जब घटना की सूचना हल्दी चौकी पुलिस को लगी और मौके पर पुलिस सहित ग्रामीण इकट्ठा हुए तो वहां पर अंधविश्वास से जुड़े सामग्री भी देखने को मिले। इससे ऐसी आशंका है कि किसी तरह के अंधविश्वास से संबंधित पूजा पाठ कर बैगा की बलि दी गई है। इस घटना के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए तिहारु निषाद, उनकी पत्नी और बाहर से आए अन्य तीन बैगा और कुछ ग्रामीणों को हिरासत में लिया है। वही शव को पीएम के लिए गुण्डरदेही अस्पताल के मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। फॉरेंसिक टीम भी मामले की छानबीन करेगी। वहीं पूछताछ में संदेहियों द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि बैगा ने खुद अपना गला काटा है। हालांकि पुलिस को यह बात हजम नहीं हो रही है। हिरासत में लिए गए कई संदेही शराब के नशे में पाए गए हैं। इससे पुलिस को संदेह है कि घटना कैसी हुई है इसका वास्तविक कारण छुपाया जा सकता है । इसलिए पूरी विवेचना मंगलवार को पूरी होने की संभावना है। रात होने के कारण पुलिस ज्यादा कुछ छानबिन भी नहीं कर पाई है। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यही माना जा रहा है कि बैगा पुनीत ठाकुर की किसी ने हत्या की है। घटना के संबंध में जब हमने डीएसपी से जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि घटना हुई है अभी विवेचना जारी है ।अभी कुछ कह नहीं सकते। इधर गांव में तिहारु निषाद के घर संदिग्ध परिस्थिति में मिले बैगा पुनीत ठाकुर की लाश को देखकर यही चर्चा है कि उसकी घर में हत्या हुई है। हत्या किसने की है अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। क्या पूजा पाठ के दौरान बैगाओं के बीच आपस में कुछ विवाद हुआ होगा या वास्तव में अंधविश्वास के चलते उसकी बलि दी गई हो अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है लेकिन इलाके में बलि दिए जाने को लेकर चर्चा जोरों पर है। हालांकि हम अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं कर सकते हैं। अंधविश्वास के चलते अक्सर ऐसी घटनाएं छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी सामने आ चुकी है। बालोद जिला पुलिस, साइबर सेल सहित फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

You cannot copy content of this page