DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल का प्रयास लाया रंग, सुराज तिहार में की थी शिक्षा और सड़क के मुद्दों को लेकर आवेदन, आया विभाग से जवाब: सड़क की मिल चुकी है स्वीकृति, जगन्नाथपुर में महाविद्यालय भी है प्रस्तावित

बालोद। ग्राम जगन्नाथपुर की निवासी क्षेत्र क्रमांक एक की जनपद सदस्य व जल एवं स्वच्छता विभाग सभापति दमयंती सुभाष हरदेल द्वारा विगत दिनों सुराज तिहार के तहत अपने क्षेत्र के विभिन्न पंचायत में जाकर शिक्षा, सड़क सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं के मुद्दों को लेकर आवेदन दिया गया था। जिन पर कार्रवाई शुरू हो गई है। संबंधित विभागों के द्वारा उन्हें कार्रवाई से संबंधित पत्र प्राप्त हुए हैं। जिसमें प्रमुख रूप से उनके गृहग्राम जगन्नाथपुर में महाविद्यालय खोले जाने की मांग उन्होंने प्रमुखता से की थी। जिस पर शासन के हवाले से एक पत्र प्राप्त हुआ है। जिसमें कहा गया है कि जगन्नाथपुर और करहीभदर दोनों ही जगह महाविद्यालय खोला जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में अग्रणी शासकीय महाविद्यालय बालोद के प्राचार्य द्वारा संयुक्त संचालक (जे),कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय को लिखे गए पत्र की प्रतिलिपि भी उन्हें प्रेषित की गई है। जिसमें कहा गया है कि संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगन्नाथपुर में महाविद्यालय खोलने के लिए याचिका क्रमांक 70 लगाई गई है। जिस पर अभिमत सहित प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र में संलग्न कर जानकारी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। इस पत्र के साथ ही दमयंती हरदेल को अलग से कॉलेज प्राचार्य के द्वारा पत्र भेज कर बताया गया है कि कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय नया रायपुर अटल नगर को ग्राम जगन्नाथपुर का स्थल निरीक्षण कर औचित्य पूर्ण अभिमत सहित प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। इस पत्र की प्राप्ति पर जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल ने कहा है कि उनका प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द गांव में महाविद्यालय खुले ताकि गांव के युवाओं को जो 12वीं की पढ़ाई के बाद आगे की उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए भटकने के मजबूर होते हैं, उन्हें गांव में ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि हमारे गांव में पर्याप्त सरकारी जमीन है। जिस पर महाविद्यालय खोला जा सकता है। उन्होंने इस संबंध में अग्रणी महाविद्यालय बालोद कॉलेज के प्राचार्य से मुलाकात कर जल्द ही इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी लेने, प्रस्तावित जगह के संबंध में जानकारी लेने और शासन स्तर पर जल्द से जल्द इसकी आगे की स्वीकृति दिलवाने के लिए प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कॉलेज की मांग बहुत पुरानी है। ग्राम जगन्नाथपुर वर्तमान में विद्यालयविहीन हो चुका है। यहां के सभी विद्यालय शासन की युक्तियुक्तकरण योजना के तहत पड़ोसी ग्राम सांकरा में मर्ज कर दिए गए हैं । जिससे अब विभाग के रिकॉर्ड में जगन्नाथपुर के नाम से एक भी सरकारी विद्यालय नहीं है। हमारी कोशिश है कि कम से कम महाविद्यालय जगन्नाथपुर में खुल जाए ताकि सिर्फ हमारे गांव ही नहीं बल्कि आसपास के 20 से ज्यादा गांव के छात्र-छात्राओं को 12वीं की पढ़ाई के बाद उच्च शिक्षा के लिए बालोद, अर्जुंदा, डौंडीलोहारा या किसी अन्य शहर के महाविद्यालय में जाने की जरूरत ना पड़े।

सड़क की मिल चुकी है स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया एक में लंबित, एक में जारी

वही जनपद सदस्य दमयंती द्वारा जगन्नाथपुर से परसदा पापरा और दरबारी नवागांव सड़क मार्ग को लेकर अलग-अलग पंचायत में जाकर सुराज तिहार के जरिए आवेदन दिया गया था ।जिस पर उन्हें संबंधित लोक निर्माण विभाग बालोद संभाग कार्यपालन अभियंता द्वारा पत्र भेजकर जानकारी दी गई है कि जगन्नाथपुर से परसदा होते हुए पापरा तक 6 किलोमीटर सड़क के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शासन के वित्त निर्देश 42/ 2023 के परिपालन में निविदा की कार्यवाही लंबित रखी गई है। शासन से अनुमति उपरांत कार्य किया जाना संभव होगा। तो वही जगन्नाथपुर से दरबारी नवागांव डेंगरापार मार्ग मार्ग कुल लंबाई 6 किलोमीटर पुल पुलिया सहित निर्माण कार्य हेतु स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में निविदा की कार्यवाही प्रक्रियाधिन है। निविदा उपरांत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उक्त पत्र प्राप्ति पर जनपद सदस्य दमयंती सुभाष हरदेल ने कहा कि जगन्नाथपुर से परसदा पापरा मार्ग के लिए भी जल्द से जल्द टेंडर की प्रक्रिया हो और कार्य शुरू हो, इसके लिए भी प्रयास करेंगे। ताकि जल्द से जल्द उक्त क्षेत्र की दोनों प्रमुख सड़कों का निर्माण हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके। वर्तमान में इन सड़कों की हालत काफी बद्तर है। लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन खराब सड़क के कारण हादसे होते रहते हैं। वहीं निर्माण के समय गुणवत्ता का भी ध्यान रहे इसको लेकर भी विभाग को पत्र लिखेंगे।

You cannot copy content of this page