अरिहन्त अकादमी, बालोद में ‘पेट डे’ का हुआ आयोजन, नन्हें बच्चों ने जाना पशुओं से प्रेम करना….



बालोद। अरिहंत अकादमी, बालोद में ‘पेट डे’ (Pet Day) का आयोजन बड़े उत्साह और आनंद के साथ किया गया। ज्ञातव्य है कि 11 अप्रैल को नेशनल पेट डे घोषित किया गया है। इस विशेष अवसर पर प्री-प्राइमरी कक्षा के बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के पालतू जानवरों को प्रदर्शित किया गया। बच्चों ने नज़दीक से कुत्ते, बिल्ली, खरगोश, पक्षी, मछली और अन्य पालतू पशुओं को देखा और उनके बारे में रोचक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की निदेशक श्रीमती त्रिशला जैन द्वारा की गई। उन्होंने बच्चों को जानवरों के प्रति प्रेम, देखभाल और करुणा का महत्व समझाया।
इस अवसर पर बच्चों ने पालतू पशुओं के साथ खेला, उन्हें दुलार किया और उनके साथ कई मज़ेदार गतिविधियों में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में आनंद, सीख और सौहार्द्र का वातावरण रहा। चेयरमैन डॉ प्रदीप जैन जी ने इस कार्यक्रम के विषय में बताया कि “हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन मूल्यों से भी जोड़ना है। ‘पेट डे’ के माध्यम से बच्चों में संवेदनशीलता, करुणा और ज़िम्मेदारी की भावना विकसित होती है।” नर्सरी और प्राइमरी के बच्चों ने इस कार्यक्रम में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और पालतू जानवरों को नजदीक से देखा, उन्हें प्यार किया और कई सवाल भी पूछे। शिक्षकगण और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ता है। प्राचार्य आलोक श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि “इस तरह के आयोजनों से बच्चों को प्रकृति और जीव-जंतुओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। यह अनुभव उनके नैतिक व भावनात्मक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।” कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को जानवरों के प्रति दया और संरक्षण का संदेश देते हुए करुणा क्लब बनाने की भी घोषणा की गई ।अरिहंतअकादमी का यह आयोजन नन्हें बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

You cannot copy content of this page