कोटगांव और खेरूद के बीच ताँदुला नदी किनारे रेत में दफन मिली थी लापता युवक की लाश, हत्या के आरोप में तीन दोस्त पहुंचे सलाखों के पीछे, पुलिस ने किया मामले में खुलासा

बालोद। गुरुवार को बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कोटगांव और खेरूद के बीच ताँदुला नदी में रेत में दफन एक युवक की लाश मिली थी। उक्त युवक 6 अप्रैल से लापता था। जानकारी के अनुसार लापता युवक का नाम यशवंत नेताम पिता कौशल नेताम निवासी डेंगरापार (घीना) था। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने थाने में भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने रेत में दफन लाश निकाली और संदेहियों से पूछताछ की तो उनके तीन दोस्त हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए। डेली बालोद न्यूज़ ने सबसे पहले खबर जारी कर तीन संदेही दोस्तों के बारे में जिक्र किया था और बताया था कि घटना के दिन मृतक उन तीन दोस्तों के साथ सिकोसा की ओर घूमने गया था। वही तीन दोस्त इस मामले में हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। बालोद जिला पुलिस ने देर शाम को कंट्रोल रूम बालोद में प्रेस वार्ता के जरिए मामले का खुलासा किया। हत्या की वजह शराब के नशे में एक दूसरे को गाली गलौज कर आक्रोश में आकर मारपीट करते हुए हत्या करना बताया गया है। बाकी और कोई विशेष कारण इस हत्या के पीछे सामने नहीं आया। तीनों हत्या के आरोपी शराब के नशे में इतने चूर थे कि उन्होंने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार कर रेत में दफन कर दिया था। जानकारी के अनुसार मृतक युवक अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ 6 अप्रैल को सिकोसा की ओर घूमने गया था। मृतक के साथ घूमने आने वाले डेंगरापार के दो युवक ईमन कंवर, साहिल कंवर और कोटगांव के मनीष ठाकुर से पुलिस संदेह के आधार पर पूछताछ किया और मामले से पर्दा उठ गया।
अपने ही दोस्त की शराब पीकर मामूली विवाद पर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक थाना गुण्डरदेही में 08 अप्रैल को प्रार्थी कौशल नेताम पिता स्व. लतेल नेताम उम्र 55 वर्ष निवासी डेंगरापार थाना सुरेगांव द्वारा गुम इंसान क्रमांक 12/25 कायम किया गया था। गुम इंसान यशवंत कुमार नेताम पिता कौशल नेताम उम्र 24 वर्ष डेंगरापार थाना सुरेगांव के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि इसका पुत्र दिनांक 06 अप्रैल 2025 को गांव के ही ईमन कंवर, साहिल कंवर के साथ इनके मोटर सायकल सीजी 24 व्ही. 1543 से सिकोसा गया था। उनके साथी ईमन कंवर और साहिल कंवर से पुछने पर सिकोसा भट्ठी में शराब पीने और लड़ाई झगड़ा होने पर उसे छोड़कर वापस आ जाना बताये थे। उसके बाद गुम इंसान का पता नही नही चलना बताये। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कराया था। गुम इंसान की जांच के दौरान ईमन कंवर, साहिल कंवर से पुछताछ करने पर बताया कि दिनांक 06.04.2025 को शराब दुकान सिकोसा से शराब खरीदकर पीने के बाद यशवंत नेताम नशे की हालत में गाली गलौच, लड़ाई झगड़ा करने लगे।
इस तरह दिए थे घटना को अंजाम:दो बार दफनाया गया था शव
जिस कारण उसे शराब भट्ठी के पास छोड़कर अपने अन्य साथी मनीष ठाकुर निवासी कोटगांव को शराब पीने के लिए सिकोसा ले जाकर तीनो ने मिलकर यशवंत नेताम को घटना स्थल तांदुला नदी के मध्य निर्माणाधीन पुलिया के आगे 500 मीटर की दूरी पर ग्राम खेरूद में ले जाकर गला दबाकर, डंडा, पत्थर, शराब की खाली शीशी बोतल व आईना के कांच के टुकड़े से सिर चेहरा में मारकर हत्याकर शव को छुपाने के लिए तांदुला नदी के रेत ग्राम खेरूद में दफना देना बताया। दिनांक 08. 04.2025 को कोटगांव के बड़े किराना दुकान से काले रंग का पॉलीथीन खरीदकर यशवंत नेताम के शव को पुनः बाहर निकाल कर पॉलीथीन में लपेटकर कर वही पास दूसरे जगह रेत में दफनाना बताया।

मामले की पूरी जानकारी वरिष्ठ अधिकारीयों को देने पर पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक एस. आर. भगत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के नेतृत्व में थाना गुण्डरदेही के गुम० क0 12/25 के गुम इंसान यशवंत नेताम के पतासाजी दौरान हेतु थाना गुण्डरदेही से विशेष टीम गठित किया गया। जिस पर मौके पर तहसीलदार के समक्ष आरोपीयों के द्वारा बताए स्थान पर खुदाई करवाने पर 01 काले रंग की पॉलीथीन से लिपटा हुआ शव मिला। जिसके शव को मृतक के परिवार के लोगो ने शव के दाहिने हाथ की भुजा में अंग्रेजी से गोदना में वाई, बांये हाथ की कलाई के उपर गोदना से गोल घेरा, 750 लिखा हुआ, शव के साथ मिले काले रंग की बनियान जिसके सामने भाग में अंग्रेजी में फोकस लिखा हुआ मिला ,जिसे देखकर पहचान कर मृतक यशवंत नेताम का शव होना पाये जाने पर मौके पर अप० क० 0/25 धारा 103(1), 238, 3(5) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना में लिया गया। शव का पी.एम. कराने सी.एच.सी. गुण्डरदेही रवाना किया गया। आरोपी मनीष ठाकुर, ईमन कंवर, साहिल कंवर से घटना में प्रयुक्त पत्थर, खून लगा डंडे का टुकड़ा, मोटर सायकल के कांच टुटा हुआ आईना, मृतक का जींस, मृतक का मोबाईल जप्त किया गया। आरोपी के विरूद्व पर्याप्त साक्ष्य सबूत पायें जाने पर प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। जिन्हे 11 अप्रैल को माननीय न्यायालय पेश किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी गुण्डरदेही मनीष शेन्डे, स.उ.नि. खेमलाल ठाकुर, स.उ. नि. आत्माराम धनेलिया, प्र.आर. योगेश सिन्हा, आर. विकास साहू, आर. सुमित पटेल, आर. यशवंत देशमुख, आर. सत्यप्रकाश यादव, का विशेष योगदान रहा।
ये हैं आरोपियों के पूरे नाम पते-
मनीष ठाकुर पिता मुकुंद ठाकुर उम्र 21 वर्ष कोटगांव थाना अर्जुन्दा जिला बालोद,साहिल कुमार कंवर पिता नरेश कंवर उम्र 19 वर्ष डेंगरापार थाना सुरेगांव जिला बालोद, ईमन कंवर पिता रंजित कुमार कंवर उम्र 21 वर्ष डेंगरापार थाना सुरेगांव जिला बालोद का निवासी हैं। तीनों को रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
