बालोद। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश में सुशासन की स्थापना तथा शासन प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर शासकीय काम-काज में पारदर्शिता लाने, शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किये जाने ‘सुशासन तिहार-2025‘ आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
‘सुशासन तिहार-2025‘ का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। जिले में उक्त तिहार का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 08 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किये जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे एवं अंतिम चरण में 05 मई से 31 मई के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में सुशासन तिहार को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाये जाने के लिए पत्र के माध्यम से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उक्त संबंध में पत्र जारी कर सुशासन तिहार-2025 के सुचारू एवं सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही करते हुए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुशासन तिहार 2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशा अनुरूप राज्य में शासकीय काम-काज में पारदर्शिता लाने, शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, सुशासन तिहार का संचालन किया जाएगा। जिसका उद्देश्य राज्य के उन नागरिकों को लाभान्वित करना है जिनके लिए योजनाएं संचालित की जा रही है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि जिले के जनपद पंचायतों में “सुशासन तिहार 2025 के सुव्यवस्थित एवं सुचारू हेतु अधिकारी, कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। जिसके अंतर्गत जनपद पंचायत बालोद हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री सुरेश कुमार साहू जिनका मोबाइल नंबर 7587030552 है। इसी तरह जनपद पंचायत गुरुर हेतु अनुविभागीय अधिकारी श्री राम कुमार सोनकर जिनका मो. न.-9179675044, जनपद पंचायत गुण्डरदेही हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती प्रतिमा ठाकरे जिनका मो. न.-8770911099, जनपद पंचायत डौण्डी हेतु अनुविभागीय अधिकारी श्री नूतन कुमार कंवर जिनका मो. न.-7974926756, जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री शिवनाथ बघेल जिनका मो. न.-6267842188 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों हेतु संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्रों हेतु संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पंचायत के सीईओ डॉ. कन्नौजे ने सभी संबंधित अधिकारियों को 08 से 11अप्रैल को सुशासन तिहार के तहत सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में और नगरीय निकाय के कार्यालयों में सुबह 10बजे से शाम 05बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाने तथा सभी पंचायतों, नगरीय निकायों, ब्लॉक मुख्यालयों, जिला मुख्यालयों में समाधान पेटी रखने और बैनर लगाने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत, समस्या, सुझाव व मांग से सम्बंधित आवेदन को समाधान पेटी में जमा करने की होगी सुविधा,मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी विकास कार्यों का करेंगे औचक निरीक्षण
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य में ‘सुशासन तिहार -2025’ के आयोजन का ऐलान किया है, जो शासन की पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करेगा। यह आयोजन प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक अहम मंच बनेगा, जिससे विकास कार्यों में गति और योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकेगा।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा, हमारी सरकार लगातार सुशासन की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। इस तिहार के माध्यम से हम जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करेंगे और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
सुशासन तिहार-2025 की प्रमुख विशेषताएं
सुशासन तिहार-2025 का पहला चरण 08 से 11 अप्रैल 2025 तक होगा, जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। यह आवेदन ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में समाधान पेटी के माध्यम से प्राप्त होंगे। ऑनलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की जाएगी और आवेदनकर्ताओं को पावती दी जाएगी। आवेदन प्राप्त होने के बाद, संबंधित अधिकारियों द्वारा इन्हें एक माह के भीतर निराकृत किया जाएगा। अधिकारियों को समय सीमा के भीतर इनका समाधान सुनिश्चित करना होगा। आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा राज्य और जिला स्तर पर की जाएगी।
कब होंगे समाधान शिविर
समाधान शिविरों का आयोजन 05 मई से 31 मई 2025 तक किया जाएगा। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी और जहां संभव होगा, वहीं समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा।
सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तिहार में स्थानीय सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वे तिहार के प्रत्येक चरण में शामिल होंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।
विकास कार्य का निरीक्षण
मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारी प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का क्रियान्वयन सह तरीके से हो रहा है और लोगों को उनका लाभ मिल रहा है।
विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का होगा उपयोग
तिहार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया, समाधान की निगरानी और जनता के साथ संवाद के लिए विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप्स का उपयोग किया जाएगा।
आम लोगों से की सीएम ने अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि ‘सुशासन तिहार-2025’ सफल हो सके और प्रदेश में सुशासन की स्थापना की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सके। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टरों, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदारों, राजस्व विभाग, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा,महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यानिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, जल संसाधन, समाज कल्याण, श्रम विभाग, तकनीकी शिक्षा, ग्रामोद्योग, पशुपालन, मत्स्य विभाग, नगरीय निकाय, खेल विभाग, वन विभाग सहित अन्य सभी विभागों के जिला अधिकारियों से कहा है कि ‘सुशासन तिहार 2025’ के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएं ताकि सरकार की मंशानुरूप यह महत्वपूर्ण कार्य हो सकें।
