बालोद। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बालोद के पदाधिकारियों ने नगरीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन के मानदेय भुगतान एवं भीषण गर्मी व लू के चलते जिले में स्कूलों के प्रातःकालीन संचालन के लिए कलेक्टर बालोद से मुलाकात कर चर्चा की व ज्ञापन सौंपा।

विदित हो कि निर्वाचन आयोग के द्वारा तय कार्यक्रम अनुसार जिले में विभिन्न नगरीय निकायों में 11 फरवरी व पंचायत आम निर्वाचन तीन चरणों में 17 फरवरी को डौंडी व डौंडी लोहारा, 20 फरवरी को बालोद व 23 फरवरी को गुरूर तथा गुंडरदेही विकास खंड में संपन्न किया जा चुका है।वहीं नगरीय निकाय निर्वाचन में मतदान दल में ड्यूटी के साथ मतगणना आदि कार्यों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिले के कई कर्मचारियों को नगरीय निकाय के साथ साथ पंचायत निर्वाचन में अलग अलग चरणों में भी 2-3 ड्यूटी करना पड़ा था। अब निर्वाचन उपरांत निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण होकर कार्यभार ग्रहण भी हो चुका है। परंतु आज पर्यंत मानदेय अप्राप्त है। वहीं कुछ कुछ जगहों पर निर्वाचन के समय कर्मचारियों को नगद भुगतान व कुछ जगह आनलाईन भुगतान भी कर दिए जाने की जानकारी मिली है। तत्संबंध में पदाधिकारियों ने शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की। साथ ही भीषण गर्मी व लू के चलते तापमान 40 डिग्री के आसपास होने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य व संस्थाओं में पानी आदि की समस्याओं के कारण राज्य से संचालित एवं जारी समय सारिणी अनुसार संपन्न हो रही परीक्षाओं के समय को छोड़कर सभी संस्थाओं एवं कक्षाओं का प्रातः कालीन संचालन के लिए निर्देश जारी करने की मांग पदाधिकारियों ने की। कलेक्टर ने इन विषयों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया है। कलेक्टर से मुलाकात करने वालों में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बालोद के जिलाध्यक्ष दिलीप साहू, जिला संयोजक रामकिशोर खरांशु, जिला उपाध्यक्ष शिव शांडिल्य, जिला सचिव नरेंद्र साहू, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुम्भकार, जिला संगठन सचिव जगत राम साहू, जिला आई टी सेल प्रभारी हरीश कुमार साहू, जिला संगठन मंत्री डी एस कस्तुरे शामिल थे।
