DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिला स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता में बेलमांड प्राइमरी स्कूल ने मारी बाजी

बालोद। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत जिला स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के रसोइयों के बीच किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी पीसी मर्कले के मार्गदर्शन में उक्त प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या प्राथमिक शाला क्रमांक एक बालोद जवाहर पारा में विगत दिनों किया गया । जिसमें विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी रसोइयों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान बनाने में बालोद ब्लाक के बेलमांड प्राइमरी स्कूल के रसोइए ने सफलता हासिल की। शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी और प्रभारी द्वारा उन स्कूलों के रसोइयों को सम्मानित किया गया। ज्ञात हो कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं पालकों के मध्य योजना की जानकारी का प्रचार प्रसार करना, निश्चित कुकिंग कास्ट के अंदर विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करने की जानकारी सभी समूह तक प्रसारित करना, प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त व्यंजनों को विकास खंड और जिला स्तर पर मध्यान्ह भोजन योजना के मेन्यू में सम्मिलित किया जाना, प्रतियोगिता से रसोइयों, समूह में स्वच्छता के साथ कुकिंग को प्रोत्साहित करना और बच्चों की पसंद के आधार पर मेन्यू तैयार करना है। निर्णायक दल द्वारा प्रतिभागियों के ड्रेस, साफ-सफाई, स्वाद, भोजन पकाने में लगने वाला समय, न्यूट्रिशन मूल्य के आधार पर अंक प्रदान किया गया। इस प्रतियोगिता में देवनारायण और केकती बाई रसोईया शासकीय प्राथमिक शाला बेलमांड विकासखंड बालोद प्रथम स्थान, गंगोत्री बाई शासकीय प्राथमिक शाला परसाही एवं सविता बाई शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खपरी विकासखंड बालोद द्वितीय स्थान पर रहे। सुलोचना निषाद, भेनू साहू शासकीय प्राथमिक शाला कोसागोंदी विकासखंड गुरुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम पुरस्कार 6000, द्वितीय पुरस्कार 4000 और तृतीय पुरस्कार 2000 प्रतिभागियों को प्रदान किया गया. कार्यक्रम में बालोद बीईओ बसंत बाघ, एपीसी बालोद लेखराम साहू, सुनीता गणेश जोशी सहायक प्राध्यापक निर्णायक, लेखा देवी साहू व्याख्याता, लोमस साहू सीएससी, रविकांत यादव जिला कक्ष प्रभारी मध्यान भोजन, रजनी वैष्णव ब्लॉक मध्यान्ह भोजन प्रभारी, पवन साहू, मनीष कुमार यादव, तारकेश्वर देशमुख आदि उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page