बालोद। बालोद जिले के ग्राम कुरदी में इस बार पूर्व सरपंच संजय साहू की पत्नी पूनम संजय साहू को सरपंच बनने में कामयाबी मिली है। अपने पति संजय साहू द्वारा कराए गए पिछले कार्यकाल के विकास कार्य और सकारात्मक पहल का प्रभाव जनमानस पर विशेष प्रभाव था। साथ ही इस चुनाव प्रचार के दौरान पूनम संजय साहू द्वारा जनता से किए गए 20 कार्यों को पूरी करने की गारंटी और 6 बिंदुओं पर अन्य कार्यों को हर संभव में करवाने के प्रयास के वादों ने जनता में एक विशेष छाप छोड़ी। जिसके चलते सरपंच चुनाव जीतने में पूनम संजय साहू सफल रही। यहां कुल 1151 मतदाता है. जिसमें से 1065 मतदाताओं ने मतदान किया था. उसमें पूनम संजय साहू को 681 मत और निकटतम प्रतिद्वंद्वी गोदावरी डीलेश्वर साहू को 359 मत मिले इस तरह कुल 324 वोट के अंतर से पूनम संजय साहू जीती। 25 वोट अमान्य किए गए। गांव में इस जीत के जश्न में बाजे गाजे और आतिशबाजी के साथ विजय रैली निकाली गई। जगह-जगह नवनिर्वाचित सरपंच पूनम और पूर्व सरपंच संजय साहू और उनके समर्थक पंचों का लोगों ने थाल आरती सजा कर स्वागत अभिनंदन किया। आतिशबाजी और रंग गुलाल के साथ देर शाम तक विजय रैली संपन्न हुई। वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे गांव के लिए सरपंच पूनम संजय साहू द्वारा भंडारा का आयोजन भी किया गया है। बीकॉम तक शिक्षित पूनम संजय साहू ने सरपंच बनने पर समस्त मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कुरदी के सर्वांगीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, गांव के मूलभूत समस्याओं को अपनी समस्या समझकर समाधान करने का पूरा प्रयास करेंगे। गांव के सभी बड़े बुजुर्गों, माता भाइयों एवं समस्त युवा साथियों का सभी का समान रूप से सम्मान करेंगे। हर सुख दुख में सहभागी रहेगी। पिछले 5 वर्षों में गांव में जो विकास और गांव का जो नाम हुआ है, उसकी गति में तेजी लाएंगी और अपने गांव का नाम,मान सम्मान बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी प्रिय मतदाता भाइयों बहनों और युवा साथियों का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि आप सबके प्रयास से मुझे कुरदी के सरपंच पद हेतु बहुमूल्य वोट और आशीर्वाद देकर जीत हासिल हुई है। इसके लिए मैं सभी का आभार और धन्यवाद ज्ञापित करती हूं। गांव के साथ जनहित की बात, मिलकर करेंगे गांव का विकास, इस नारे के साथ उन्होंने समस्त मतदाताओं का आधार जताया।
पूर्व सरपंच पति संजय साहू के कार्यकाल में हुए हैं विशेष कार्य, गांव को मिली है एक नई पहचान
उनके पूर्व उनके पति संजय साहू सरपंच रहे हैं। जिन्होंने गांव को विशेष पहचान दिलाई है,उनके कार्यकाल में गांव में अमृत सरोवर तालाब सुंदरीकरण, 111 फीट राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण, वीर सपूत उद्यान, छत्तीसगढ़ महतारी मूर्ति स्थापना, हनुमान मंदिर नव निर्माण एवं शेड निर्माण, पेयजल स्रोत हेतु भगीरथ प्रयास , वार्ड एक आबादी पारा में सीसी रोड निर्माण, किसानों की सुविधा हेतु सहकारी बैंक नवीन शाखा खुलवाना, पेयजल हेतु पानी टैंकर , दुर्गा मंच शेड निर्माण, परमेश्वरी भवन के पास टीन शेड निर्माण, मानस भवन के सामने टीन शेड निर्माण, जिले का पहला महतारी सदन बनवाने का प्रयास, विष्णु मंदिर से बासिन रोड तक सीसी रोड निर्माण, पानी टंकी निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र में नवजात बच्चों को कपड़ा वितरण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय प्रमाण पत्र, कर्मा भवन के सामने शेड निर्माण, गौठान के पास मंच व कक्ष निर्माण, नवीन सेवा सहकारी समिति भवन, चौक चौराहो में पर्याप्त लाइट व्यवस्था, कर्मा अतिरिक्त कक्ष, कचरा संग्रहण भवन, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पंचायत भवन मरम्मत एवं सुंदरीकरण, मुक्तिधाम को तार जाली से सुरक्षित करवाना, नवीन व्यावसायिक परिसर निर्माण, पेयजल हेतु बोर का खनन, मानस भवन अतिरिक्त कक्ष निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहाता निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र एक नवीन भवन निर्माण, तालाब निस्तारी हेतु उचित व्यवस्था, कचरा संग्रह हेतु ई रिक्शा, सामाजिक एवं ग्रामीण सेवा हेतु युवा संगठन का गठन, उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान, प्राथमिक शाला नवीन भवन निर्माण आदि प्रमुख कार्य उनके पति संजय साहू के नेतृत्व में हुए थे। इसके अलावा गांव को हाईटेक बनाने, चौक चौराहा पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने और आसामाजिक तत्वों के उत्पात पर नियंत्रण स्थापित करने में भी उनकी विशेष भूमिका रही है। इन सब कार्यों का जनमानस पर विशेष प्रभाव था। जिसके चलते संजय साहू की पत्नी पूनम साहू को इस पंचायत चुनाव में भारी बहुमत से विजय हासिल हुई।
भविष्य में इन विशेष कार्यों को हर संभव प्रयास कराने का दिलाया भरोसा
नवनिर्वाचित सरपंच पूनम संजय साहू ने गांव के विकास के लिए 6 विशेष कार्यों को हर संभव प्रयास कर पूरा करवाने का भरोसा दिलाया है। जिसमें प्रमुख रूप से खरखरा मोहंदीपाठ परियोजना को ग्राम कुरदी तक जोड़ने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। शीतला मंदिर भवन नवनिर्माण, कन्या मिडिल स्कूल खोलने, क्षेत्र में आईटीआई या पॉलिटेक्निक कॉलेज की मांग, धान खरीदी केंद्र पर सीमेंटीकरण एवं बाउंड्री वाल निर्माण, मंगल भवन बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
