बालोद। बालोद जिले में पंचायती राज चुनाव के अंतिम और तृतीय चरण में गुरुर और गुण्डरदेही ब्लॉक में चुनाव संपन्न हुए। अंतिम दिन के हुए इस चुनाव में कई जगह रोचक नजारे देखने को मिले। जहां किसी गांव में शादी से पहले फेरे लेने या बारात जाने के पूर्व दूल्हे ने मतदान किया तो कहीं एक युवती ने छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में पहुंचकर मतदान कर सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। विविध नजारे इस दौरान देखने को मिले।
दिव्यांग उजियार सिंह ने सपत्नीक किया मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम कोड़ेवा स्थित मतदान केंद्र में पहुंचे दिव्यांग मतदाता उजियार सिंह ने अपनी पत्नी गोमती बाई देशमुख के साथ अपने मत का प्रयोग कर जाहिर की खुशी। गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम कोड़ेवा की 21 वर्षीय युवा मतदाता गोमती निर्मलकर ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वेशभुषा में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का प्रयोग कर प्रसन्नता व्यक्त की।

परिणय सूत्र में बंधने जा रहे नवयुवक सहित बुजुर्ग, युवा, महिला, दिव्यांग सहित सभी वर्गों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर पेश की लोकतंत्र की प्रेरणादायी तस्वीर
बालोद जिले के गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड में तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान सफलतापूर्वक एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ। तीसरे चरण के अंतर्गत गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के सभी 550 मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के सभी मतदान केन्द्रों में निर्धारित समय सुबह 07 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। तीसरे एवं अंतिम चरण के अंतर्गत जिले के दो विकासखण्ड में संपन्न मतदान के दौरान अपने मताधिकार के महत्व की जानकारी एवं लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था का बहुत ही सुंदर तस्वीर देखने को मिला।

इसी कड़ी में जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के दुल्हा बने युवक योगेन्द्र कुमार साहू अपने बरात प्रस्थान करने के पूर्व ग्राम गोड़ेला में प्राथमिक शाला के मतदान केन्द्र 06 में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से उन्होंने अपने वैवाहिक कार्यक्रम के व्यस्ततम समय में से मतदान के लिए समय निकालकर आम जनता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं परिपक्व बनाने हेतु सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। जिले के गुण्डरदेही एवं गुरूर विकासखण्ड में संपन्न मतदान के दौरान युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग सहित महिला मतदाताओं के अलावा सभी वर्ग के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर कर हिस्सा लेते हुए पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से समाज के सभी वर्ग के लोगों ने मताधिकार के महत्व को समझते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की प्रेरणादायी तस्वीर पेश की। संपन्न मतदान के दौरान युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अंतर्गत गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरमरीकला के मतदान केन्द्र में युवा मतदाता टेकराम पटेल, कविता कुर्रे, पूनम, गोपी, डिगेश्वर ने मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन सभी युवा मतदाताओं ने आज के इस अवसर को अपने लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उन्हें आज अपने मताधिकार के प्रयोग के माध्यम से निर्वाचन के इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही अपने शारीरिक असमर्थता के बावजूद दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाता निर्वाचन के राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने में पीछे नही रहे। इसी कड़ी में ग्राम अरमरीकला के मतदान केन्द्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग सुंदर लाल अपनी धर्मपत्नी 72 वर्षीय श्रीमती शिवबती बाई एवं अपने 45 वर्षीय पुत्र श्री त्रिलोकी के साथ मतदान करने पहुँचे थे। इस अवसर पर जिले के सभी मतदाताओं को त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के दौरान अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की। संपन्न मतदान के दौरान ग्राम गुरूर विकासखण्ड के मतदन केन्द्र अरमरीकला में 80 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला सुरूज बाई एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के कोड़ेवा मतदान केन्द्र में दिव्यांग मतदाता श्री उजियार सिंह अपनी पत्नी गोमती बाई के साथ अपने शारीरिक अक्षमता के बावजूद मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। इसी तरह गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेवा की 21 वर्षीय युवती सुश्री गोमती निर्मलकर ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वेशभूषा में मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मत का प्रयोग कर बहुत ही प्रसन्नचित एवं अभिभूत नजर आ रही थी। उल्लेखनीय है कि गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए बैठक एवं छांव इत्यादि की समुचित व्यवस्था की गई थी। जिसमें मतदाताओं ने छांव में विश्राम कर अपनी बारी आने पर क्रमशः अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार मतदान कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु रिटर्निंग अधिकारी, नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं पुलिस के आला अधिकारी ने मतदान केन्द्रों का लगातार दौरा कर मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु व्यवस्थाओं का निरंतर माॅनिटरिंग करते रहे। जिला एवं पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त मात्रा में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी एवं रिजर्व मतदान दलों की तैनातगी भी सुनिश्चित की गई थी। सभी मतदान केन्द्रों में मतदान समाप्ति के पश्चात् मतदान अधिकारियों के द्वारा निर्धारित प्रक्रिया को पूरी करने के पश्चात् निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना के कार्य को आरंभ कर दिया गया।
डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के मतदान केन्द्र क्रमांक 105 ग्राम सुरेगांव में सफलतापूर्वक पुनर्मतदान संपन्न
दोपहर 03 बजे तक कुल 88.37 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम सुरेगांव के वार्ड क्रमांक 08 के पंच पद हेतु सफलतापूर्वक पुनर्मतदान संपन्न हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन डौण्डीलोहारा के रिटर्निंग आफिसर ने बताया कि ग्राम सुरेगांव के वार्ड क्रमांक 08 में आज दोपहर 03 बजे तक वार्ड के 88.37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि ग्राम सुरेगांव के वार्ड क्रमांक 08 में पुनर्मतदान के दौरान बुढ़े, युवा, महिला सहित सभी वर्ग के मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने किया विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण,मतदान कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों एवं मतदाताओं से की बातचीत,
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के अंतर्गत गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने मतदान केन्द्र भूलनडबरी, धनेली, बोडरा, भोथली, कोसागोंदी, अरमरीकला, बेलोदी, हल्दी एवं सिकोसा का निरीक्षण कर मतदान के कार्यों का अवलोकन किया। श्री चन्द्रवाल ने मतदान अधिकारियों से मतदान के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और मतदान कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्र में उपस्थित मतदाताओं से बातचीत कर मतदान केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे द्वारा भी गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुँचकर मतदान कार्य का अवलोकन किया गया। उन्होंने गुण्डरदेही विकासखण्ड के मतदान केन्द्र पैरी, सिकोसा एवं कलंगपुर तथा गुरूर विकासखण्ड के मतदान केन्द्र धनोरा एवं बोडरा में उपस्थित अधिकारियों से मतदान केन्द्र के व्यवस्थाओं के अलावा मतदान की कुल प्रतिशत आदि के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर पंचायत विभाग के उप संचालक श्री आकाश सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिसके पश्चात मतदान दल, सामग्री वापसी केंद्र में पहुंच रहे हैं। सकुशल वापस लौटने पर मतदान दलों का स्वागत किया जा रहा है।
