सारणीकरण के उपरांत विजयी प्रत्याशियों की हुई घोषणा
बालोद। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य पद हेतु नवनिर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने जिला पंचायत सभाकक्ष में सारणीकरण के उपरांत विजयी प्रत्याशियों की विधिवत घोषणा करने के पश्चात् जिले के बालोद विकासखण्ड के 02 जिला पंचायत क्षेत्र के नवनिर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले के बालोद विकासखण्ड में मतदान एवं मतगणना 20 फरवरी को संपन्न हुआ था। जिसका सारणीकरण जिला पंचायत सभाकक्ष में रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे एवं अन्य अधिकारियों, अभ्यर्थियों एवं अभिकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे द्वारा जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 09 के नवनिर्वाचित सदस्य श्रीमती पूजा वैभव साहू एवं जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 के नवनिर्वाचित सदस्य तोमन साहू को निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर पंचायत विभाग के उप संचालक आकाश सोनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हार जीत का अंतर रहा है ऐसा
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 के लिए भाजपा से बने प्रत्याशी तोमन साहू को 19128 वोट मिले हैं वहीं कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी संजय चन्द्राकर को 13934 वोट मिले। 5194 मत से तोमन साहू विजयी प्राप्त किये है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस समर्थित पूजा वैभव साहू ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 में भाजपा समर्थित प्रत्याशी कृतिका साहू को 12000 से अधिक वोटों के अंतर से हराते हुए जीत दर्ज की है।
