प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के गांव में जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने निकाली आभार रैली, ग्रामीणों से की सड़क बनवाने का वादा, जताया आभार



1560 वोटों के अंतर से विजई हुई हैं समाजसेविका दमयंती सुभाष हरदेल

बालोद। जगन्नाथपुर की निवासी नवनिर्वाचित जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 1 से दमयंती हरदेल और उनके समर्थकों ने शुक्रवार को अपने क्षेत्र के विभिन्न गांव में आभार रैली का आयोजन किया। इस दौरान अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी रही दूरपति घुरऊ गंगबेर के ग्राम परसदा ज में जब पहुंची तो वहां ग्रामीणों द्वारा उनका स्वागत अभिनंदन किया गया। लोगों ने उन्हें गुलाल लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दी तो वही स्वयं जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने भी समस्त मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए चरण स्पर्श कर सभी का आशीर्वाद लिया और मतदान के लिए आभार जताया। 1560 वोटो के अंतर से विजई हुई दमयंती हरदेल ने कहा कि अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हमेशा गंभीर रहेगी। भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और उन्हें जीत हासिल हुई है। उन्होंने समस्त मतदाताओं का आभारी मानते हुए कहा कि उनकी सेवा के लिए वे हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि परसदा वासियों की प्रमुख मांग सड़क है। यहां से जगन्नाथपुर जाने वाली सड़क काफी खराब है। वे इस समस्या से भली-भांति परिचित है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस सड़क को बनवाने के लिए वे पूरा प्रयास करेंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार है और वह भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर जनपद सदस्य बनी है तो उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के समक्ष में इस मांग को प्रमुखता से रखेंगे और जल्द से जल्द इस मार्ग को बनवाने को लेकर उन्होंने आश्वस्त किया। जिस पर ग्रामीणों ने उनका आभार जताया। उनका आभार रैली परसदा, डेंगरापार, दरबारी नवागांव, सांकरा, जगन्नाथपुर आदि गांव में निकाला गया। इस दौरान जितने भी लोग मिलते गए उन मतदाताओं का उन्होंने आशीर्वाद स्वरुप मतदान के लिए आभार जताया। इस दौरान उनकी आभार रैली में प्रमुख रूप से सुभाष हरदेल, प्रेमा देशमुख, सोहद्रा साहू, अंजनी देशमुख, शशि कला विश्वकर्मा, डीलेश्वरी देशमुख, अंजनी सोनी, बिसाहिन साहू, बिसाहिन मंडावी, अमरीका यादव, राधा देशमुख, ललित हरदेल , कुलेश्वर प्रसाद देशमुख, गैंदी बाई साहू, दीपक यादव आदि मौजूद रहे।

जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में भाजपा समर्थित जगन्नाथपुर की दमयंती हरदेल रही विजयी, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी दूरपति गंगबेर हारी

ज्ञात हो कि ग्राम जगन्नाथपुर की रहने वाली भाजपा समर्थित प्रत्याशी और समाज सेविका दमयंती हरदेल ने अपने पहले ही राजनीतिक प्रयास में चुनाव लड़ने में सफलता हासिल की है। भाजपा द्वारा उन्हें टिकट देते हुए जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 के लिए अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया था। वहीं कांग्रेस की ओर से परसदा की सरपंच रह चुकी दूरपति घुरऊ गंगबेर को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया था। दोनों के बीच कड़े मुकाबले के बीच चुनाव प्रचार चलता रहा। जब अंतिम परिणाम आए तो दमयंती हरदेल बाजी मार गई। भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं सहित समर्थकों ने श्रीमती हरदेल को जिताने के लिए कड़ी मेहनत की थी। गांव गांव में देर रात तक जनसंपर्क कर वोट हासिल करने के लिए प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की समस्या के निवारण के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी। जो भी समस्या हो जनता उन्हें बेझिझक उनसे साझा कर सकेंगे। जनता ने मतदान रूपी आशीर्वाद देकर उन पर विकास की उम्मीद के साथ जो भरोसा जताया है, उन पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी।

You cannot copy content of this page