बालोद। महंगाई के इस दौर में 5 रुपए में मजदूरों को भरपेट भोजन देने के लिए बालोद के बुधवारी बाजार में जिले का दाल भात केंद्र खोला गया है। यह केंद्र छत्तीसगढ़ सरकार की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत खोला जा रहा है। बुधवार को भाजपा नेताओं की मौजूदगी में इस केंद्र का उद्घाटन किया गया। बता दे कि इस केंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक गर्म भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। इस योजना की प्रसिद्धि को देखते हुए कुछ माह बाद ही, जिले के सभी विकासखंड मुख्यालय में दाल भात केंद्र खोलने की योजना है।
5 रुपए में मिलेगा भरपेट भोजन
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा, भाजपा की सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है। यह योजना छत्तीसगढ़ में तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुई थी। कांग्रेस सरकार आने के बाद योजना बंद हो गई थी। अब फिर से भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार 5 रुपये में भरपेट भोजन देने वाले दाल-भात केंद्र खोल रही है। वहीं, दाल भात केन्द्र में आए स्थानीय मजदूर ने कहा, इस योजना से गरीबों को काफी लाभ होगा। कम पैसे में वो भरपेट भोजन कर सकेंगे।
ऐसे जगहों पर खोले जा रहे दाल भात केंद्र
छत्तीसगढ़ के ऐसे जिले, जहां बड़ी तादाद में मजदूर काम करते हैं। मजदूरों की बहुलता है. वहां इस योजना की शुरुआत की जा रही। बालोद जिले का यह पहला केंद्र है। राज्य भर में ऐसे केंद्र खोले जा रहे हैं। जहां मजदूर भाई जल्दबाजी में सुबह घर से निकल जाते हैं और भरपेट भोजन नहीं कर पाते। उन्हें दोपहर में 5 रुपया में भरपेट भोजन की व्यवस्था दी गई है। पूर्व जिलाध्यक्ष पवन साहू, वरिष्ठ नेता यशवंत जैन, राकेश यादव, यज्ञदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश निर्मलकर का कहना है कि, छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय और केंद्र की मोदी सरकार गरीबों के हित में काम कर रही है।
दोपहर के समय में खाने की चिंता होगी दूर
केंद्र के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे राजेश ने कहा कि दाल भात केंद्र के खुलने से अब दोपहर के समय में खाने की चिंता दूर होगी। उन्होंने बताया कि मैं और मेरे जैसे कई श्रमिक अपने-अपने गांव से सुबह से काम पर निकलने के कारण खाना पैक करके टिफिन में लाते थे। जिससे वह खाना दोपहर होते तक ठंडा भी हो जाता था। लेकिन अब दाल भात केंद्र के खुलने से मात्र 5 रुपए में हमें गरम भोजन मिल पाएगा, जो हम सभी श्रमिकों के लिए बहुत ज्यादा लाभप्रद होगा।
