बालोद। आयोजन स्थान मां बंजारी धाम जुंगेरा में डोम सेट निर्माण होगा। बालोद शहर में 400 सीटर सर्वसुविधा युक्त ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, इसके अलावा नालंदा परिसर भी बनेगा। उक्त घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद के नजदीक जुंगेरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए की। इस अवसर पर उन्होंने बालोद जिले के विभिन्न विकास खंडों में 141 करोड़ के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन किया। आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा के जिला कार्यालय का शुभारंभ किया। यहां पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। राजनीतिक सहित विभिन्न विकास कार्यों के मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। इसके बाद वे जुंगेरा हाई स्कूल मैदान में आयोजित सभा में पहुंचे। यहां पर मुख्यमंत्री ने कहा एक साल में जितनी भी गारंटी हमने की थी वह सब पूरी हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर सभी वादे सुचारू रूप से पूरे किए जा रहे हैं। विष्णु देव साय ने कहा कि धान खरीदी समाप्त होते ही अंतर की राशि भी तत्काल किसानों को मिल जाएगी। मांगों को लेकर उन्होंने कहा कि बालोद जिला को हमने बनाया है तो हम ही सवारेंगे इस तर्ज पर हम बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्यों को अमली जामा पहना रहे हैं। बालोद की जितनी भी मांगे आई है उन सभी मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जाएगा। मंच पर ही उन्होंने एक मांग ऑडिटोरियम को तत्काल पूरा करने की घोषणा की। इस पूरे कार्यक्रम में जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही जिले में चल रहे विकास कार्यों को बताया। इस कड़ी में सांसद भोजराज नाग ने कहा कि बालोद जिला एक नए रूप में सामने आ रहा है। भाजपा सरकार के 1 साल में ही जिला का कायाकल्प होने लगा है। उन्होंने बालोद जिले वासियों की ओर से मांग पत्र सौंपा। जिसमें सुरेगांव को तहसील का दर्जा देने, जिले के सभी जलाशयों में मछली पालन हो रहा है, इसके लिए मत्स्य महाविद्यालय खोलने, चिकित्सा महाविद्यालय खोलने, कृषि महाविद्यालय खोलने, बायपास रोड सहित अनेक मागें रखी। मंच पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव साय, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत जैन, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश यादव, बालोद विधायक संगीता सिन्हा, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल, एसपी एसआर भगत, डीएफओ सरोटे आदि मौजूद थे।

चुनाव के समय किए गए सारे वादे पूरे
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा बालोद जिले को आज 141 करोड रुपए की सौगात मिली है। इसके अलावा चुनाव के समय भाजपा ने जितने वादे किए थे वह विष्णु देव सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि हम बालोद के विकास का संकल्प लेकर के आगे बढ़ रहे हैं। एक साल में एकमुश्त 140 करोड़ की सौगात बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के देकर हम जिले के चौतरफा विकास कर रहे है। उन्होंने कहा कि सांसद की हर मांग जायज है और इस मांग पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टाल भी लगाए गए थे

पेंशनधारी हितग्राहियों को बांटे कंबल
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले के पेंशनधारी हितग्राहियों को कंबल प्रदान किया। भारतीय जनता पार्टी मंडल बालोद के सौजन्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस अवसर पर उन्होंने पेंशनधारियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही उनसे आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन साहू, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, नरेश यदू, शाहिद खान, अमित चोपड़ा, विश्वास गुप्ता, संतोष कौशिक, रवि प्रकाश पाण्डेय, कमलेश सोनी, सुरेंद्र देशमुख, पुष्पेंद्र चंद्राकर, अभिषेक शुक्ला, मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, अरुण साहू,जगदीश देशमुख, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पोषण देवांगन, प्रमोद जैन, सालिक देशमुख आदि मौजूद रहे।

बालोद जिले को दिए विभिन्न विकास कार्यों की सौगात
जिलेवासियों को 141.03 करोड़ रुपए की राशि के कुल 115 विकास कार्यों का सौगात दी गई। इसके अंतर्गत 77 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत के 76 कार्यों का भूमिपूजन और 63 करोड़ से अधिक की लागत के 39 कार्यों का लोकार्पण शामिल थे। जिसमें प्रमुख रूप से 29.18 करोड़ की लागत के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के मटियामोती जलाशय के नहरों का लाईनिंग मरम्मत एवं जीर्णोंद्धार पुर्ननिर्माण कार्य, 11.03 करोड़ रुपए लागत के खरखरा जलाशय के ओगीफाल के नीचे सुरक्षात्मक कार्य, 2.93 करोड़ रुपए लागत के गोंदली जलाशय परियोजना अंतर्गत तरौद माईनर में एक्वाडक्ट, लाईनिंग एवं स्ट्रक्चर का कार्य, 2.92 करोड़ रुपए की लागत के शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त महाविद्यालय बालोद में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुआ। डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कुआंगोंदी से काण्डे तक 1.77 करोड़ रुपए लागत के सड़क निर्माण कार्य शामिल रहे।
इसी तरह लोकार्पण कार्यों में 8.18 करोड़ रुपए लागत के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के राणाखुज्जी से रेंगाडबरी मार्ग में 8 किलोमीटर का मजबूतीकरण कार्य, 7.33 करोड़ रुपए लागत के तुएगोंदी से अरमागोंदी तक 5.30 किलोमीटर मार्ग का मजबूतीकरण कार्य, 6.21 करोड़ रुपए लागत के मंगचुवा से रेंगाडबरी मार्ग 5.30 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण, 5.56 करोड़ रुपए लागत के एनएच 30 से चंदनबिरही मार्ग 2 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण, 5.04 करोड़ रुपए के लागत के पड़कीभाट से पोण्डी मार्ग 4.3 किलोमीटर का मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य शामिल हैं।
