DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

केन्द्रों में की गई है माइक्रो एटीएम की व्यवस्था,किसान अब माइक्रो एटीएम से निकाल पा रहे हैं 10 हजार तक की राशि

बालोद। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में राज्य में किसानों के हित में लगातार योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन एवं उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष पहल की जा रही है। वर्तमान में धान खरीदी महाभियान के अंतर्गत किसानों द्वारा उपार्जन केन्द्रो मे धान विक्रय किया जा रहा है। इस दौरान किसानों को त्वरित रूप से धनराशि उपलब्ध कराने जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में माइक्रो एटीएम की सुविधा प्रदान की गई है। माइक्रो एटीएम की सुविधा मिलने से किसानों को अब अपनी जरूरतों के अनुसार धान उपार्जन केन्द्रो में 02 हजार से लेकर 10 हजार रुपए तक की धनराशि अपने एटीएम कार्ड के माध्यम से निकाल पा रहे हैं। धान उपार्जन केेेेन्द्रों में माइक्रो एटीएम की सुविधा मिलने से जिले के किसान काफी खुश हैं उन्हे अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने हेतु राशि निकालने के लिए बैंक का चक्कर नही लगाना पड़ रहा है। उन्हें उपार्जन केन्द्र मे ही आसानी से धनराशि प्राप्त हो पा रही है। माइक्रो एटीएम की सुविधा लेने वाले नया पारा बालोद के किसान श्री दानी साहू ने बताया कि शासन द्वारा दी गई यह सुविधा हम किसानों के लिए काफी मददगार साबित हुआ है। उसने बताया कि जब फसल पककर तैयार हो जाती है तो उसे काटने और धान के रूप में उपार्जन केन्द्र तक लाने में काफी व्यस्तता रहती है। ऐसे समय में हमें फसल कटाई हेतु मजदूरों के मजदूरी भुगतान, धान की मिंजाई सहित धान उपार्जन केन्द्र तक धान के परिवहन हेतु भुगतान के लिए धनराशि की काफी जरूरत होती है। ऐसे व्यस्त समय में हमें पहले बैंक या दूर स्थित एटीएम का चक्कर लगाना पड़ता था। लेकिन अब उन्हे धान उपार्जन केन्द्र में ही माइक्रो एटीएम की सुविधा मिल जाने से मजदूरी भुगतान, परिवहन हेतु भुगतान सहित अन्य छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में काफी सहुलियत मिली है। किसान श्री दानी साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का खुशी-खुशी आभार व्यक्त करते हुए उन्हे धन्यवाद दिया है। उसने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में किसानो के हित में लगातार प्रयास किया जा रहा है जिसके परिणाम भी धान उपार्जन केन्द्रो में की गई बेहतर व्यवस्था से नजर आ रहा है।

राज्य में 2739 उपार्जन केन्द्रों में किसानों से हो रही धान खरीदी

माइक्रो एटीएम की सुविधा से किसानों को तत्काल राशि की जरूरत पूरी हो सकेगी। धान बेचने केन्द्रों में पहुंचे किसान अब वहां माइक्रो एटीएम से दो हजार रूपए से लेकर दस हजार रूपए तक की राशि निकाल सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा दी गई इस सुविधा से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य में 14 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। शासन द्वारा किसानों को उनके द्वारा बेचे गए धान के एवज में 72 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में भुगतान की व्यवस्था भी शासन ने सुनिश्चित की है। परन्तु किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने 10 हजार रूपए तक की राशि माइक्रो एटीएम से तुरन्त प्रदान किए जाने की सुविधा दी है। किसानों को धान बेचने के लिए उपार्जन केन्द्र तक उसके परिवहन के लिए किराए पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर आदि का भाड़ा और हमाली-मजदूरी का भुगतान करने के लिए अब न तो किसी से राशि उधार लेने की जरूरत होगी, न ही बैंक का चक्कर लगाना होगा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त इस सुविधा से किसान बेहद प्रसन्न है।
गौरतबल है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। धान खरीदी के लिए राज्य में इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्र स्थापित किए गए हैं। धान बेचने के लिए 27.68 लाख किसानों ने पंजीयन कराया गया है, जिसमें 1.42 लाख नए किसान शामिल है। धान खरीदी केंद्रों में तौल हेतु इलेक्ट्रानिक कांटा-बांट, बारदाना, किसानों के लिए बैठक एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान उपार्जन केन्द्रों में शिकायत एवं निवारण के लिये हेल्प लाइन नंबर भी चस्पा कर दिये गये हैं। विपणन संघ मुख्यालय स्तर पर शिकायत निवारण हेतु कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है जिसका नं. 0771-2425463 है।

You cannot copy content of this page