बालोद। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखण्ड के ग्राम कुरदी के वीर सपूत उद्यान में आज ग्राम पंचायत एंव ग्रामवासियो के सहयोग से नवनिर्मित 111 फिट तिरंगा ध्वज का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वीर सपूत उद्यान परिसर के अलावा उद्यान परिसर में नवनिर्मित छतीसगढ़ महतारी एंव पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की मूर्ति का भी अनवारण किया।

इस दौरान सांसद श्री भोजराज नाग, पूर्व विधायक श्री बीरेंद्र साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री पवन साहू, नगरपालिका बालोद के पूर्व अध्यक्ष श्री राकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री एस आर भगत, सरपंच संजय साहू सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने ग्राम कुरदी में जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के नवीन शाखा का लोकार्पण भी किया। ग्राम कुरदी के पुराना ग्राम पंचायत में संचालित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के इस नवीन शाखा के अधीन ग्राम कुरदी सहित कोड़ेवा एंव पिरिद के सहकारी समितियों को शामिल किया गया है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष एंव अतिथियों ने इस नवीन शाखा के विभिन्न कक्षो का भी अवलोकन किया।
