गुरुर। शिक्षा मंत्रालय, शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार पी.सी. मरकले, जिला शिक्षा अधिकारी बालोद के मुख्य आतिथ्य में 18 अप्रैल को प्रेरणा उत्सव का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली, जिला-बालोद में किया गया।


उक्त कार्यक्रम के प्रथम चरण में सभी शासकीय हाई/ हॉयर सेकण्डरी शालाओं के द्वारा लगभग 9841 बच्चों का प्रेरणा पोर्टल पर पंजीयन किया गया। पंजीकृत बच्चों का चयन (01 बालक एवं 01 बालिका) विद्यालय स्तर पर निबंध लेखन, अभिव्यक्ति कौशल एवं मूल्य शिक्षा पर आधारित पेंटिंग एवं चित्रकला के द्वारा विकासखण्ड स्तर हेतु किया गया। प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से 05 बालक एवं 05 बालिकाओं का चयन जिला स्तर हेतु विभिन्न बिन्दुओं के आधार पर किया गया।

जैसे प्रेरणा हेतु मेरा चयन क्यों किया जाए ? भारत के लिए आपका विजन क्या है? विकसित भारत हेतु आपकी संकल्पना क्या है ? उपरोक्त विषयों पर बच्चों ने विभिन्न पाठ्य सहगामी क्रियाओं, सहभागिता, भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं इतिहास के प्रति रूचि आदि बिन्दुओं को ध्यान में रखकर अपना निबंध लेखन प्रस्तुत किया। इस प्रकार जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली, में कुल 52 बच्चों ने हिस्सा लिया। जिसमें से निबंध लेखन एवं साक्षात्कार के माध्यम से जिले के विशेषज्ञ प्राचार्यगणों द्वारा 02 बच्चों (01 बालक एवं 01 बालिका) का चयन किया गया। जिले से चयनित यही 02 बच्चे आने वाले सप्ताह में वडनगर, जिला-मेहषाणा, गुजरात स्थानीय भाषा विद्यालय में आयोजित होने वाली प्रेरणा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। उक्त जानकारी डी.पी. कोसरे, सहायक जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा के द्वारा दी गई।
