A DIGITAL MEDIA

बालोद जिले (छत्तीसगढ़) का विश्वसनीय डिजिटल मीडिया 9755235270/7440235155

Advertisement

सनकी युवक ने काटा था किसान का गला, कोरगुड़ा हत्याकांड में हुआ इस तरह का खुलासा,पढ़िए पूरा मामला

बालोद। बालोद पुलिस ने कोरगुड़ा में हुए किसान की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। हत्या का आरोपी टिकेश तुमरेकी कोंडागांव से गिरफ्तार हुआ। जो कि कोरगुड़ा का ही रहने वाला था।घटना में प्रयुक्त हसिया (हथियार) जप्त किया गया। किसान फगुवा राम देवांगन की हत्या कर आरोपी फरार था। जिसे कोण्डागांव से पकड़कर बालोद लाया गया। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी को पकड़ने में मदद मिली। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग द्वारा चलाये जा रहे त्रिनयन (कैमरा जोड़ो)एप के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। गुरुवार की शाम को एडिशनल एसपी अशोक जोशी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी युवक सनकी किस्म का था। पहले भी वह गांव में एक महिला पर भी हसिया से हमला कर चुका था। वही घर और गांव वालों को भी अक्सर हसिया लेकर मारने के लिए दौड़ाया करता था। वही ग्रामीणों से भी पता चला कि अक्सर वह हसिया लेकर घूमता रहता था। घर पर भी वह हसिया को रोज धार देता था। किसी पर भी कोई भी बात पर वह लोगों से उलझने लग जाता था। घटना के दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे खेत साइड किसान और आरोपी का आमना-सामना हो गया और कुछ बातों को लेकर दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। इतने में आवेश में आकर आरोपी ने हसिया से किसान पर वार किया। इस बीच बचाव करते हुए किसान की एक उंगली कट गई। फिर आरोपी ने उसकी गर्दन पड़कर पीछे से अपने हसिया से कुछ सेकंड के भीतर गला काट दिया और घटना के बाद वहां से फरार हो गया। अपने कुछ रिश्तेदारों के यहां छिपा घूम रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए लोकेशन निकाले और स्थानीय सूत्रों के जरिए भी आरोपी के बारे में पतासाजी की जा रही थी। शुरुआत से ही आरोपी पर संदेह था क्योंकि वह गांव से घटना के दिन से गायब था और उसकी प्रवृत्ति को लेकर भी ग्रामीणों द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई थी। अंततः हत्यारा वहीं निकला।

गांजा पीने का आदी था युवक

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जब आरोपी सनकी युवक के व्यवहार में हुए बदलाव को लेकर पता किया गया तो यह मालूम हुआ कि आरोपी गांजा पीने का आदी था। साथ ही 12वीं फेल था और झगड़ालू किस्म का था। आरोपी किसी की नहीं सुनता था। कुछ पारिवारिक परिस्थितियां भी उसके इस मनोवृति का कारण बताए जा रहे हैं।

कब हुई थी वारदात

प्रार्थी भारत लाल देवांगन निवासी ग्राम कोरगुड़ा थाना बालोद ने दिनांक 12 अप्रैल .2024 को थाना बालोद आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके पिता फगुवा राम देवांगन जो मृत अवस्था में अपने ही खेत में पड़ा है। जिसकी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दिया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बालोद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक, एस आर भगत के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी के पर्यवेक्षण में एसडीओपी बालोद श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना प्रभारी बालोद व सायबर सेल प्रभारी बालोद एवं थाना बालोद और सायबर सेल की टीम के द्वारा ग्राम कोरगुड़ा में जाकर घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर विशेष संसूचना एवं डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट टीम, तकनीकी साक्ष्यो के माध्यम से महत्वपूर्ण मास्टर प्लान तैयार कर टीम के द्वारा अलग अलग इलाके में जाकर घटना की सम्पूर्ण जानकारी एवं अज्ञात आरोपी के संबंध में गांव मे लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर घटना के संबध में जानकारी प्राप्त किया जा रहा था।

पहले भी एक महिला पर कर चुका था हमला

टीम द्वारा गांव में कैम्प कर मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि घटना के बाद से गांव का एक युवक गायब है। उसकी जानकारी लेने पर वह पूर्व में भी किसी महिला पर हसिये से वार का प्रयास कर चुका है और कई बार अपने घर वालों को भी हसिया, टंगिया लेकर दौड़ा चुका है। इस जानकारी पर टीम द्वारा उसकी पतासाजी किया जा रहा था। लगातार संदेही के संबध में जानकारी प्राप्त किया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिला कि संदेही टिकेश तुमरेकी कोण्डागांव में अपने रिश्तेदार के यहां छिपा है। सूचना पर तत्काल टीम द्वारा कोण्डागांव पहुंचकर संदेही टिकेश तुमरेकी को घेरा बंदी कर पकड़कर बालोद लाया गया । आरोपी के पतासाजी हेतु थाना बालोद एवं सायबर सेल से विशेष टीम गठित किया गया था। टीम द्वारा घटना के 05 दिवस लगातार गांव में कैम्प कर संसूचना के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर अंधे कत्ल के प्रकरण को सुलझाने व आरोपी टिकेश तुमरेकी को कोण्डागांव से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

मामूली बात पर हत्या

संदेही टिकेश तुमरेकी से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने कथन में बताया गया कि वह सुबह अपने घर से गांव के खेत तरफ गया था जहां खेत में मृतक फगुवाराम देवांगन अपने खेत से धान का पैरा लेकर आ रहा था तभी दोनो में आपसी बहस हुई। जिससे संदेही टिकेश तुमरेकी आवेश में अपने पास रखे हसिये से मृतक फगुवाराम देवांगन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे मृतक फगुवाराम देवांगन की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी टिकेश तुमरेकी के निशानदेही पर ग्राम कोरगुड़ा जाकर उसके बताये जगह से घटना में प्रयुक्त हसिया बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिंमाड पर भेजा गया।

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने व आरोपी की गिरफ्तारी में इनकी रही भूमिका

एसडीओपी बालोद श्री देवांश सिंह राठौर, थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक श्री जोगेन्द्र साहू, सउनि धरम भूआर्य ,प्रधान आरक्षक- भुनेष्वर मरकाम, विवेक शाही, आरक्षक -भोप सिंह साहू, राहुल मनहरे, आकाश सोनी, आकाश दुबे, विपिन गुप्ता ,संदीप यादव, पूरन देवांगन, बनवाली साहू, रवि साहू , मनीष ठाकुर, रवि गंधर्व की सराहनीय भूमिका रही है। साथ ही तकनीकी टीम में प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेश यादव, योगेष पटेल , गुलझारी साहू ने काम किया।

देखिए मामले का वीडियो

You cannot copy content of this page