DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

यूपी में छिपा मिला चोरी का मास्टरमाइंड, बालोद क्षेत्र में हुई बड़ी चोरियों के मामले में बालोद पुलिस और साइबर सेल की मेहनत से सुलझा मामला, दो गिरफ्तार

कई राज्यों की पुलिस को थी इनकी तलाश, सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग

बालोद। बालोद जिला मुख्यालय में हो रही बड़ी चोरियों के आरोपियों को पकड़ने में आखिरकार बालोद पुलिस को सफलता मिल गई। फिल्मी स्टाइल में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले और आरोपियों का पीछा करते-करते पहले तो मुंबई तक पहुंचे फिर पता चला की मुख्य आरोपी बदायूं उत्तर प्रदेश में है। मुंबई में जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी रफत अली भले लाखों की चोरी करता है लेकिन पुलिस की नजरों से बचने एक आम मजदूरों की तरह कहीं पर भी ठेला आदि में सो जाता है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए उसके बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए ₹30 प्रतिदिन के किराया में ठेला लेकर फल बेचने का काम भी किया। इस दौरान पता चला की मुख्य आरोपी रफत अली जुआ खेलने का भी आदी है और वह बदायूं उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है। फिर क्या था पुलिस ने मुंबई से फिर यूपी जाकर वहां के स्थानीय पुलिस की सहयोग से उसके घर के आसपास की रेकी कर आरोपी को पकड़ा और उसके जरिए एक अन्य साथी भी पकड़ा गया। दो लोगों को बालोद पुलिस ने रिमांड पर जेल भेजा है। मामले का खुलासा एसपी एसआर भगत ने गुरुवार को किया। हाल ही में इन दोनों आरोपियों ने बालोद के बुढ़ापारा के रहने वाले पशु चिकित्सक डॉक्टर टीडी देवांगन के घर पर लाखों की चोरी की थी। इस तरह अंर्तराज्यीय चोर गिरोह पर बालोद पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की। आरोपियों से चोरी के करीबन सात लाख रूपये के सोने, चांदी के जेवर, नगदी रकम बरामद किए गए हैं।

अलग-अलग टीम बनाकर की जा रही थी चोरों की तलाश

बालोद पुलिस द्वारा अलग अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश में मुम्बई एवं उत्तरप्रदेश की ओर रवाना हुए थे। इस दौरान सात दिन मुम्बई और बदांयू (यू.पी) में कैम्प करने के बाद सफलता मिली। इस तरह थाना बालोद क्षेत्र के पांच बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी रफत उर्फ पप्पू सहित चोरी का माल खरीदने वाला सोनार को भी गिरफ्तार किया गया है। इधर कई राज्यों की पुलिस घटना के मुख्य आरोपी रफत अली उर्फ पप्पू एवं उसके साथियों की तलाश में है । आरोपी रफत और उसके साथियों के विरूद्ध तेलंगाना, देहरादून, लखनऊ, नासिक, अजमेर एवं अन्य राज्यो में भी कई अपराध दर्ज है।

इतने जेवरात हुए बरामद

आरोपियों के कब्जे से 01 नग सोने का चैन, 01 नग सोने का मोटा चैन, 04 नग सोने का लॉकेट, 01 जोड़ी सोने का कंगन, 02 नग सोने का अंगूठी, 03 जोड़ी चांदी का पायल जेवर कीमती करीबन 5 लाख 45000/- रूपये का एवं 90 हजार नगदी व घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल किमती 45000/- ,मोबाईल फोन जुमला कीमती करीबन सात लाख रूपये बरामद हुए है। पूछताछ में मालूम हुआ कि आरोपियो द्वारा पूर्व में भी थाना बालोद क्षेत्र एवं छत्तीसगढ़ के अन्य जिलो में चोरी की घटना को अंजाम दे चुके है।

त्रिनयन ऐप के माध्यम से मिला संदेहियों का सुराग

त्रिनयन एप के माध्यम से संदेहियों का सीसीटीवी फुटेज जिला बालोद, राजनांदगांव, कर्वधा, महाराष्ट्र के 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों का सुराग मिला। 4000 किलो मीटर पीछा करने के बाद बदांयू, उत्तर प्रदेष में मुख्य आरोपी रफत अली मिला। इनकी गिरफ्तारी पर चोरी के 05 प्रकरणों को सुलझाने व अंर्तराज्जीय चोर गिरोह को पकड़ने वाली बालोद पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज,दुर्ग के द्वारा 30000/- रूपये ईनाम की घोषणा भी की है। ज्ञात हो कि लगातार बालोद पुलिस और साइबर सेल अपराधियों के नियंत्रण और आरोपियों को पकड़ने में तत्परता से कार्य कर रही है।

इनके मार्गदर्शन में टीम करती रही मेहनत

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक बालोद, एस आर भगत के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी के पर्यवेक्षण में एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना बालोद के अपराध क्रमांक 193/2024 धारा 457,380,411 भादवि के अज्ञात आरोपियों के पतासाजी हेतु थाना बालोद एवं सायबर सेल से विशेष टीम गठित किया गया था। टीम द्वारा मुम्बई महाराष्ट्र और बदांयू उत्तरप्रदेश जाकर प्रकरण में 02 आरोपियो को गिरफ्तार किया गया।

हाल ही में पशु चिकित्सक के घर हुई थी बड़ी चोरी

डॉ टीडी देवांगन पशु चिकित्सक अधिकारी निवासी बूढ़ापारा बालोद ने 23 मार्च को थाना बालोद आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनके मकान में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दरवाजे का ताला तोड़कर उसमें प्रवेश कर अंदर रखे आलमारी के लॉकर को तोड़ कर उसमें रखे सोने, चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम चोरी कर ले गये । प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बालोद में विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग व पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन में एसडीओपी बालोद के नेतृत्व में थाना प्रभारी बालोद व सायबर सेल बालोद के हमराह में थाना बालोद और सायबर सेल से विशेष टीम गठित किया गया ।

इस तरह से मिला सुराग, बालोद के एक लॉज में रुके थे चोर

इस दौरान टीम के द्वारा बूढ़ापारा बालोद में जाकर घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर विशेष संसूचना एवं डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट टीम, तकनीकी साक्ष्यो के माध्यम से महत्वपूर्ण मास्टर प्लान तैयार कर टीम के द्वारा अलग अलग क्षेत्रों में जाकर वहां से आरोपियो के संबध में आस-पास के लॉज, ढाबा को चेक किया गया। घटना स्थल के आसपास के किरायेदारों की जानकारी एकत्र कर तस्दीक किया गया। त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज देखने में विषेश सहयोग मिला। सीसीटीवी में एक मोटर सायकल में 02 संदिग्ध व्यक्तियों का होना पाया गया, जिसका आस-पास के सीसीटीवी फुटेज में बारिकी से अवलोकन कर संदेहियों के आने जाने का रूट तय कर उस दिशा में काम कर टीम द्वारा जिला बालोद से राजनांदगांव, कवर्धा, गोदिंया, नागपुर, सावनेर, मुम्बई महाराष्ट्र के हजारों सीसीटीवी फुटेज को बारिकी से एनालिसिस कर एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के संबध जानकारी प्राप्त हुई कि वह मुम्बई में है मूलतः बदांयू उ0प्र0 का है। जानकारी के आधार पर 02 टीम बनाकर एक टीम मुम्बई और दूसरी टीम बदांयू उ0प्र0 की ओर रवाना हुई टीम द्वारा मुम्बई जाकर वहां पर कैम्प कर स्थानिय पुलिस से संपर्क कर गोरेगांव मुम्बई क्षेत्र में बदांयू उ0प्र0 के कुछ लोग फल बेचने की सूचना मिली जिस पर बालोद पुलिस उसके रूकने के स्थान के आसपास हाथ ठेला 30 रू प्रति दिन के हिसाब से किराये पर लेकर वहां फल बेचने का काम कर वहां रेकी कर आरोपी रफत अली के संबध महत्वपूर्ण जानकारी मिली आरोपी रफत का मुम्बई में कोई स्थाई निवास नहीं था वह कहीं भी किसी के ठेला में सो जाता था। जिसें बालोद पुलिस टीम व मुम्बई पुलिस की टीम द्वारा रात में 100 से अधिक ठेला में सो रहे लोगों को चेक किया गया तो पता चला कि आरोपी रफत अली जो अपने मूल निवास ग्राम ककराला जिला बदांयू उ0प्र0 चला गया है। तत्काल सूचना पर बालोद पुलिस 1300 किलो मीटर दूर मुम्बई की टीम बंदायू रवाना हुई, जहां बालोद से बदांयू के लिए निकली टीम आपस में संपर्क कर स्थानीय उ0प्र0 पुलिस की मदद से क्षेत्र में रेकी किये। आरोपी रफत अली के बारे में जानकारी मिली कि वह जुआ खेलने का आदि है। जो अपने गांव न आकर आस-पास क्षेत्र में बड़ी रकम लेकर जुआ खेल रहा है। सूचना के आधार पर बालोद पुलिस ने रात्रि में उसके घर के आसपास रेकी किया और आरोपी रफत अली को गांव की ओर आते देख उसे घेराबंदी कर पकड़ने में सफलता मिली।

चोरी करने ट्रेन से छग की ओर आया था आरोपी

आरोपी रफत अली से पूछताछ करने पर वह बताया कि वह अपने साथी के साथ ट्रेन से बिलासपुर आकर बस से कवर्धा आकर बस स्टैण्ड के पास लॉज में रूके वहां आसपास बाईक की तलाश किये। गांव के एक व्यक्ति से 20,000 रू में एक पुरानी इस्तेमाली मोटर सायकल नीले कलर का पल्सर खरीद कर राजनांदगांव होते हुए बालोद आये। बालोद बस स्टैण्ड में भावेश लॉज में 01 रूम लेकर अपना सामान वहां रख मोटर सायकल से बालोद की कालोनी में रेकी किये। जिन घरों में बाहर से ताला लगा हुआ था। उन घरों को चिन्हाकित कर उनके आने जाने के मार्गो को देख कर रात्रि में चोरी के लिए निकले और दिनांक 22-23/03/2024 की दरम्यिानी रात डॉ टीडी देवांगन निवासी बूढापारा बालोद और श्रीमति माहेश्वरी ठाकुर निवासी शिक्षक नगर बालोद के घर में ताला तोड़ कर प्रवेश कर उसके आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने, चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम चोरी कर सुने जगह मे जाकर छीप गये थे। सुबह वापस लॉज आकर अपना सामान लेकर सुबह 07ः00 बजे मोटर सायकल से कवर्धा होते हुए बिलासपुर पहुंच वहां मोटर सायकल को रेलवे स्टेशन में छोड़कर ट्रेन से बदांयू उ0प्र0 अपने घर चला गया। वहां जाकर चोरी के सामान और पैसा का बटवारा कर दोनों अपने अपने घर चले गयें। इसके बाद रफत अली सोने , चांदी के जेवरात को सराफा बाजार बदांयू के दुकान में बेच दिया जिसका कुछ रकम बदांयू अपने घरके पास छुपाकर रखा है बाकि रकम को लेकर मुम्बई चला गया।

ताला तोड़ने के लिए बनाया था अलग से हथियार

आरोपी रफत अली के निशानदेही पर टीम द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन जाकर वहां से मोटर सायकल पल्सर को जप्त कर उसके डिक्की में रखे लोहे के मजबूत चुड़ीदार हथियार, पटासी, पेचकस जप्त कर बालोद लाया गया। आरोपी द्वारा घरो के दरवाजा मजबूत ताला को तोड़ने के लिए एक विशेष हथियार बनाया था । त्रिनयन एप के माध्यम से चिन्हांकित सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर अपराध होने के बाद से अपराधियों तक पहुचने में सफलता मिली है।

इन्हीं आरोपियों ने की थी इन जगहों पर भी चोरी

इसके अलावा जिला बालोद के अन्य चोरी के प्रकरण में भी इन्ही आरोपियो द्वारा चोरी किया गया है। जैसे 11/12 नवंबर.2023 की दरम्यिानी रात कल्याण सिंह बरहरे निवासी कुंदरू पारा बालोद के घर से सोने ,चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। उसी रात विवेक चंन्द्राकर निवासी मधुबन कॉलोनी कुंदरू पारा बालोद के घर भी सोने ,चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। 14 से 17 जनवरी 2024 के मध्य ईश्वर मण्डावी निवासी जवाहर पारा बालोद के घर से सोने ,चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। 22/23 मार्च .2024 की दरम्यिानी रात महेष्वरी ठाकुर निवासी शिक्षक नगर रेलवे कॉलोनी बालोद के घर से भी सोने ,चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे।

अन्य राज्यों में भी कर चुका चोरी के कारनामे

थाना चेरियाल जिला सिददीपेट राज्य तेलगांना में आरोपी पप्पू उर्फ रफत अली के द्वारा तेलगांना जाकर अपने साथी के साथ वहां से 40 किलोग्राम चांदी की चोरी कर फरार था। इसके अलावा आरोपी रफत अली नासिक, महाराष्ट्र , लखनऊ उ0प्र0, देहरादून में चोरी के अपराध में संलिप्त है।

ये हैं आरोपियो के नाम और पते

  1. पप्पू उर्फ रफत अली पिता असरफ अली खान उम्र 30 वर्ष वार्ड 23 ककराला थाना बदांयू (उ0प्र0)
  2. दीपक सखपाल पिता उत्तम सखपाल उम्र 48 वर्ष पता-पोपट लाल टंच वाले पुराना सराफा बाजार बदांयू उत्तरप्रदेश।

गिरफ्तारी में इनकी रही विशेष भूमिकाः-

मुम्बई और उ0प्र0 जाने वाली टीम में एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर, थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक रविशकर पाण्डेय, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जोगेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक भुनेष्वर मरकाम, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक भोप सिंह साहू, आरक्षक आकाश सोनी, आरक्षक पूरन देवांगन, आरक्षक विपिन गुप्ता ,आरक्षक संदीप यादव, आरक्षक राहुल मनहरे, आरक्षक आकाष दुबे, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक रवि साहू की सराहनीय भूमिका रही । इसी तरह विवेचना एवं जप्ती,दस्तावेज तैयार करने में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जोगेन्द्र साहू, सउनि धरम भूआर्य थाना बालोद की भूमिका रही। तकनीकी टीम में प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेष यादव, आरक्षक योगेष पटेल, आरक्षक गुलझारी साहू, आरक्षक योगेष गेडाम ने काम किया। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, दुर्ग एवं पुलिस अधीक्षक बालोद का नागरिकों से अपने मकानो, प्रतिष्ठानों में अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाने का अपील की है ताकि संदेहियो की पहचान हो सके।

You cannot copy content of this page