बालोद। इन दिनों भाजपाइयों द्वारा गौठानों का निरीक्षण कर वहां की अव्यवस्थाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने इसे बेबुनियाद बताया है और रमन सरकार के समय की रतनजोत से तेल निकालने की योजना को लेकर तंज कसा है।
एक बाड़ी के पास पहुंच कर उन्होंने रतनजोत के पौधों को दिखाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रसारित करते हुए कई बातें कहीं हैं और सवाल उठाया है कि भाजपाइयों को खुद पहले रमन राज से पूछना चाहिए कि उनके द्वारा अरबों खरबों रुपए खर्च करके जो रतनजोत के पौधे लगाए गए उनसे तेल निकला है कि नहीं। निकला है तो तेल कहां है। एक तरफ जहां हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गौ माता की सेवा करने के लिए गौठान को संवार रहे हैं तो उस पर भाजपाइयों द्वारा भ्रष्टाचार का बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व के भाजपा सरकार के समय यह नारा तो आप लोगों ने सुना ही होगा कि तेल नहीं अब खाड़ी से, तेल मिलेगा बाड़ी से और और लोगों को सपने दिखाकर छत्तीसगढ़ के अरबों खरबों रुपए फूंक दिए गए और आज वही सपना दिखाने वाले लोग छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना गौठान पर सवालिया निशान उठा रहे हैं। जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है और लाखों एकड़ जमीन सरकार के पास सुरक्षित हो गई। भाजपाइयों को यह जवाब देना चाहिए कि अरबों खरबों रुपए खर्च करने के बाद क्या आज उनकी गाड़ी बाड़ी के तेल से चल रही है। अगर नहीं तो वह खरबों रुपए कहां गए?
