दीपक देवदास, गुरुर। ग्राम डोटोपार के मिडिल स्कूल में शिक्षक की समस्या से जूझ रहे बच्चों और पालकों ने बुधवार को आंदोलन कर दिया। नाराज बच्चों और पालकों ने पहले तो मिडिल स्कूल में तालाबंदी की। फिर वे सीधे गुरुर शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां कार्यालय के सामने बैठ गए और प्रदर्शन करने लग गए। पालकों और बच्चों की मांग थी कि उन्हें शिक्षक चाहिए। एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई कैसे करेंगे। इससे शिक्षा का स्तर गिर रहा है। पालकों ने बताया कि पढ़ाई का स्तर इतना गिर चुका है कि कई बच्चों को अपना नाम लिखना भी ठीक से नहीं आता। जबकि वे छठवीं सातवीं कक्षा में पहुंच चुके हैं। ऐसे में सरकारी स्कूल पर भरोसा कैसे होगा। भीखम सिंह, हेमंत साहू, योगेश साहू, मानिक मंडावी, भोज बाई, पुष्पा मधु नेताम, कांति साहू ने बताया कि हम स्कूल में ताला लगा कर आए हैं और तभी यहां से जाएंगे जब हमें शिक्षक मिल जाएंगे। ग्रामीण ने बताया कि यहां सिर्फ वर्तमान में एक ही शिक्षिका पढ़ा पा रही है श्वेता मशीह। प्रधान पाठक मुकेश साहू अस्वस्थता के चलते 14 अक्टूबर से अवकाश पर चले गए हैं ।स्कूल में 45 बच्चे हैं। जिन्हें पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं है। कम से कम 3 शिक्षक होनी ही चाहिए। ग्रामीण और बच्चे अपनी मांग पर अड़े रहे। शिक्षा विभाग के अफसरों में उनकी समस्याओं को स्वीकारते हुए हल निकालते हुए 3 शिक्षकों की व्यवस्था की गई। शिक्षा अधिकारी डीपी कोसरे ने बताया कि वहां के लिए 3 शिक्षकों को पढ़ाने के लिए कल से भेजा जा रहा है। समस्या का निराकरण कर दिया गया है। एक संकुल समन्वयक व 2 शिक्षकों को मिलाकर 3 शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था की गई। शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन करने के लिए पालक व बच्चों के साथ महिला स्व सहायता समूह, सरपंच सहित अन्य प्रमुख ग्रामीण भी पहुंचे हुए थे।
एक शिक्षक के भरोसे थे 45 बच्चे, आक्रोशित ग्रामीणों ने की तालाबंदी, पहुंचे गुरुर बीईओ दफ्तर, 3 शिक्षकों की हुई तत्काल व्यवस्था
