DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सिवनी में शहीद नारद निषाद की संगमरमर से बनी प्रतिमा का होगा अनावरण 10 अक्टूबर को, पढ़िए कैसे हुए थे शहीद,,,,?

शहीद परिवार का सम्मान समारोह भी होगा, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू होंगे मुख्य अतिथि

बालोद। ग्राम सिवनी में 10 अक्टूबर सोमवार को शहीद नारद निषाद प्रतिमा अनावरण एवं शहीद परिवार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। जिसके मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग के मंत्री अनिला भेड़िया करेंगे। विशिष्ट अतिथि संसदीय सचिव गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और बालोद विधायक संगीता सिन्हा, क्षितिज चंद्राकर अध्यक्ष ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस छत्तीसगढ़, विकास चोपड़ा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बालोद, राजेन्द्र निषाद अध्यक्ष जिला निषाद समाज, राजकुमार अध्यक्ष पूर्व सैनिक संघ एवं समस्त सैनिक संघ, दानेश्वर सिन्हा सरपंच ग्राम पंचायत सिवनी, घनाराम साहू सिवनी होंगे। ज्ञात हो कि शहीद नारद की प्रतिमा व स्मारक स्थल का निर्माण परिजनों व विधायक संगीता सिन्हा की मदद से हुआ है। कोरोना काल के दौरान 21 मार्च 2020 को एसटीएफ के जवानों के साथ मिनपा (सुकमा) में नक्सली मुठभेड़ हुआ था। जिसमें असिस्टेंट प्लाटून कमांडर नारद निषाद बहादुरी के साथ नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए शहीद हो गए थे। इनके बलिदान को याद रखते हुए सिवनी में प्रतिमा निर्माण किया गया है। जिनका अनावरण और शहीद परिवारों का सम्मान समारोह 10 अक्टूबर को रखा गया है। उक्त शहादत के दौरान कोरोना काल के बावजूद हजारों की भीड़ जुटी हुई थी। लोगों ने अपनी जान की परवाह ना करते हुए शहीद की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। जो उस संकट के दौर में भी एक बड़ी बात थी। जब चारों ओर लॉकडाउन, धारा 144 और घर से निकलना भी मुश्किल था, कोरोना महामारी फैली हुई थी। ऐसे समय में शहीद जवान नारद निषाद को श्रद्धांजलि देने के लिए कई लोग पहुंचे थे।

20 साल पहले ज्वाइन किया था फोर्स

बालोद जिले के शहीद जवान नारद के परिजनों ने बताया कि करीब 20 साल पहले नारद ने फोर्स ज्वाइन किया था। पहली पोस्टिंग एसटीएफ बघेरा दुर्ग में हुई। जिसके बाद लगातार माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा, सुकमा क्षेत्र में सेवा दे रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि नारद बचपन से ही फोर्स में जाना चाहता था। देशभक्ति उसके अंदर कूट-कूटकर भरी थी।

दोपहर 12:00 बजे पहुंचेंगे गृह मंत्री सिवनी

गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन ताम्रध्वज साहू के आगमन को लेकर प्रोटोकाल जारी हो गया है
जिसके अनुसार दोपहर 12:00 बजे ग्राम सिवनी पहुंचेंगे। सुबह 10:30 बजे दुर्ग निवास से प्रस्थान करेंगे। सिवनी में 12:00 से 1:30 बजे तक रहेंगे। फिर 1:30 से 3:00 तक विश्राम गृह बालोद में रहेंगे।

You cannot copy content of this page