महंगाई ने किया जनता का जीना दुश्वार, अंग्रेजों की तरह जनता से टैक्स वसूल रही मोदी सरकार



देवरीबंगला । स्थानीय मार्रिबंगला बस स्टैंड में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी के नेतृत्व में महंगाई के खिलाफ एक दिवसीय धरना तथा जन चौपाल का आयोजन किया गया। धरना तथा जन चौपाल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार ने कहा कि महंगाई घटाने की बात करने वाले मोदी शासनकाल में देश की हालत बेहद खराब है।
वर्ष 2013-14 आम चुनावों के पूर्व नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नौकरी और आमजनों को महंगाई कम करने के लोक लुभावने नारे देकर सत्ता में आने के लिए भाषण तो खूब दिेए थे, परंतु मोदी सरकार के बीते आठ सालों में देश की हालत और खराब हो गई है। उनकी विफल आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई रेकॉर्ड स्तर पर है। बीते 14 महीनों से महंगाई दर दोहरे अंकों में है। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री केशव शर्मा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, रसोई गैस से लेकर अनाज, दालें, कुकिंग आइल जैसी जरूरत की चीजों की कीमत आसमान छू रही हैं। देश में आजादी के बाद पहली बार है कि पेट्रोल-डीजल के दाम तीन अंकों तक पहुंचे हैं। मोदी सरकार द्वारा आटा, चावल, दही, पनीर, शहद जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी लगाने से महंगाई और अधिक बढ़ी है। देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनपद अध्यक्ष जागृत सोनकर ने केन्द्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 2021-22 में देश का कुल कर संग्रह भी 34 प्रतिशत से बढ़कर 27 लाख करोड़ हो गया है, जो बजट में लगाए गए 22.17 लाख करोड़ के अनुमान से 5 लाख करोड़ ज्यादा है। इसमें भी एक बड़ा हिस्सा जीएसटी का है। सरकार पहले ही जीएसटी से इतना पैसा कमा रही है, फिर भी इनकी भूख शांत नहीं हो रही है। जो अब आटा, पनीर, दही जैसी चीजों पर जीएसटी लगा रही है। पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष केजूराम सोनबोईर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन उनकी गलत नीतियों की वजह से 14 करोड़ लोग पिछले कुछ वर्षों में बेरोजगार हो गए हैं। आज 20 से 24 आयु वर्ग के 42 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं। ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री संजीव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में जनता के साथ खड़ी है। हम संसद से लेकर सड़क तक लगातार महंगाई तथा बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहेंगे। 5 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन तथा कांग्रेस द्वारा पदयात्रा का आयोजन भी किया गया है। आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में भी जोरदार प्रदर्शन करेगी। कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार कों जमकर कोसा और बताया कि, किस तरह झुठ बोलकर सत्ता हासिल करने में महारथ हासिल की है। भाजपा चुनाव के पहले कहती कुछ और है चुनाव जीत जाने के बाद करती कुछ और है। एक दिवसीय धरना प्रदर्शन मे मंडी सदस्य भूपेश नायक जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दुर्गा ठाकुर, सुमन सोनबोईर, इंदरचंद बाफना,जीवन कश्यप, भगवती ठाकुर, ललित हिरवानी, आनंद निषाद, इंदरमन देशमुख, दीपक सिन्हा,फिरंताराम उईके, प्रकाश देवांगन, नवलदीप गंजीर,बरसन निषाद, पुरुषोत्तम उर्वशा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page