जिला साहू समाज के भवन के लिए 50 लाख की भी घोषणा
बालोद। सीएम भूपेश बघेल जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव एवं भूमिपूजन समारोह में शामिल हुए। साहू समाज के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री का फूलमाला से उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भक्त माता कर्मा जंयती की बधाई और शुभकामनाएॅ दी। उन्होंने भक्त माता कर्मा के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हमारे अटूट विश्वास, श्रद्धा और समर्पण है, तो कोई भी ऐसा लक्ष्य नही है, जिसे हासिल न किया जा सके। माता कर्मा ने यह साबित किया था कि भक्त की श्रद्धा में यह शक्ति है कि भगवान को भी प्रकट होने पर विवश कर दे। मुख्यमंत्री ने इससे पहले भक्त माता कर्मा की छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने जिला साहू समाज के भवन निर्माण हेतु भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम में जिला साहू समाज के भवन के लिए 50 लाख रूपए की घोषणा की। उन्होंने बालोद के महिला महाविद्यालय का नाम भक्त माता कर्मा के नाम पर किए जाने की घोषणा की। बता दें कि उक्त घोषणा विधायक संगीता सिन्हा ने भी गुरुर क्षेत्र में एक कार्यक्रम में की थी और कहा था कि मुख्यमंत्री से भी इसकी घोषणा करवाएंगे और साहू समाज का सम्मान बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने साहू समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कल पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गॉधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश के 26 लाख 68 हजार से अधिक किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, पशुपालकों एवं स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 1804 करोड़ 50 लाख रूपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने न्याय योजना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति के सामाजिक और आर्थिक अधिकार को सुनिश्चित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत बालोद जिले के 01 लाख 35 हजार 896 किसानों के बैंक खाते में प्रथम किस्त की राशि 87 करोड़ 27 लाख 07 हजार 612 रूपए अंतरित की गई। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत बालोद जिले के 12 हजार 859 हितग्राहियों को 02 करोड़ 57 लाख 18 हजार रूपए अंतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के धान के समर्थन मूल्य के साथ-साथ लघु वनोपजों का भी समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। पहले 07 प्रकार के लघु वनोपजों की खरीदी की जाती थी अब 65 प्रकार के लघु वनोपजों की खरीदी की जा रही है।जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल और संजारी-बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर भक्त माता कर्मा जयंती की बधाई एवं शुभकामनाए दी। कार्यक्रम की समाप्ति पर मुख्यमंत्री को साहू समाज द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष संदीप साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष टहल साहू, जिला साहू संघ के अध्यक्ष सोमन लाल साहू सहित साहू समाज के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन राम ठाकुर, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

हेलीपेड पर हुआ जोरदार स्वागत
रायपुर से हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बालोद पहुंचे। यहां कॉलेज ग्राउंड में उनके हेलिकॉप्टर उतरने के बाद कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर सहित पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा रती राम कोसमा सहित अन्य कांग्रेसी सीएम के स्वागत करने के लिए पहुंचे हुए थे।
घोटिया में भी हुआ निषाद समाज का अधिवेशन, कॉलेज खोलने घोषणा
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बालोद जिले के डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम घोटिया में आयोजित निषाद(केंवट) समाज के वार्षिक अधिवेशन में भी शामिल हुए। निषाद समाज द्वारा मुख्यमंत्री का फूलमालाओं से उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि निषाद समाज मेहनतकश समाज है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अनिला भेंडिया की मॉग पर घोटिया में मंगल भवन और महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने संसदीय सचिव एवं गुण्डरदेही के विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद की मॉग पर अर्जुन्दा महाविद्यालय का नामकरण शहीद दुर्वासा निषाद के नाम पर किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार समाज के हर वर्ग की खुशहाली के लिए काम कर रही है। सभी समाज के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान को बढ़ाने का कार्य कर रही है। यहॉ कि संस्कृति को पुर्नजीवित कर लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ निषाद समाज के इष्टदेव भक्तगुहा निषाद एवं श्री राम चन्द्र जी की पूजा अर्चना से हुआ। मुख्यमंत्री ने भक्तगुहा निषाद का जिक्र करते हुए कहा कि भक्तगुहा निषाद सौम्य और सरल स्वभाव के कारण भगवान के हृदय में वास करते थे। निषाद समाज को भगवान श्री राम ने अपने हृदय में स्थान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन निषाद समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, रोजगार से लेकर समाज के परंपरागत मत्स्य व्यवसाय के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है। मत्स्य पालकों को किसानों की भांति बिजली की सुविधाएॅ भी मुहैया कराई जा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया ने निषाद समाज को शासन की योजनाओं से लाभान्वित होने आगे आने का आव्हान किया। संसदीय सचिव श्री कुंवर सिंह निषाद ने मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिए जाने और समाज के लोगों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। अधिवेशन को मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री एम.आर.निषाद ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने शहीद दुर्वासा निषाद और शहीद नारद निषाद के परिजनों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल, संजारी-बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, निषाद समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिकगण, कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री गोवर्धन राम ठाकुर और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
