DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

हिम्मत तो देखो जनाब- मुरूम की जगह डाल रहे पीली मिट्टी, नाबालिगों से करवा रहे काम, रायल्टी भी चोरी, उस पर सुपरवाइजर कहता है जहां करना है कर लो शिकायत,,,,,,

ठेकवाडीह में सड़क निर्माण में बंदरबांट- पूर्व विधायक भैयाराम से की ग्रामीणों ने शिकायत

बालोद। गुरुर ब्लाक के ग्राम ठेकवाडीह से दुबचेरा तक 2.60 किलोमीटर तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का पुल पुलिया सहित निर्माण किया जा रहा है। दो करोड़ 32 लाख की लागत से बनने वाले इस सड़क के काम में जमकर लापरवाही बरती जा रही है। घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल तो हो ही रहा है, नियम कायदों को भी ठेंगा दिखाया जा रहा है। निर्माण एजेंसी ओबरॉय कंस्ट्रक्शन दुर्ग द्वारा मनमानी की जा रही है। जिससे यहां के स्थानीय ग्रामीण त्रस्त हो चुके हैं। घटिया काम का ग्रामीण विरोध करते हैं तो कंपनी के सुपरवाइजर तक ग्रामीणों को धमकी देते हैं कि जहां शिकायत करनी है कर लो। कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकते।

त्रस्त ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा से की है। रविवार को ग्राम ठेकवाडीह के ग्रामीण अध्यक्ष नोहर साहू के नेतृत्व में पूर्व विधायक के पास पहुंचे। उन्होंने मामले की पूरी जानकारी दी। ग्रामीणों की समस्या सुनकर पूर्व विधायक सिन्हा ने कहा कि ऐसी मनमानी नहीं चलेगी। मैं खुद मौके पर जाकर काम को देखता हूं। सोशल मीडिया में इस घटिया काम और यहां बरती जा रही लापरवाही का वीडियो भी सामने आए हैं। जिसमें काम में कई खामियां और नियमों की अनदेखी नजर आ रही है। ग्रामीणों ने हर बिंदु पर पूर्व विधायक को विस्तार से जानकारी देते यहां बरती जा रही अनियमितता के बारे में बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग के अफसरों द्वारा किसी तरह की निगरानी ना किए जाने के चलते संबंधित कंपनी और उनके कर्मचारी फायदा उठा रहे हैं।

इस तरह की बरती जा रही है गड़बड़ी

मुरूम की जगह डाल रहे पीली मिट्टी

सड़क के डामरीकरण से पूर्व नीचे समतलीकरण का कार्य चल रहा है। जिसमें मुरूम की जगह पीली मिट्टी खपाई जा रही है। समतल करने के लिए रोलर तक नहीं चलाया जा रहा है, ना कहीं कोई पानी डाला जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने घोर आपत्ति जताई है।

एक पर्ची में तीन ट्रिप परिवहन

दुबचेरा के एक तालाब से खुदाई करके मुरूम मिट्टीनुमा निकाली जा रही है। वहां पर रायल्टी की चोरी हो रही है। 1 पर्ची में एक ट्रिप मुरुम निकाली जानी चाहिए पर एक पर्ची में 3 ट्रिप निकाली जा रही है। यह बात वहां तैनात ठेकेदार के कर्मचारी ने भी कबूल की है। जिसका वीडियो सामने आया है।

पुलिया निर्माण में भी गड़बड़ी

निर्माण सामग्री का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हो रहा है। 7 धमेला गिट्टी, 5 धमेला रेत के पीछे मात्र डेढ़ धमेला सीमेंट डाला जा रहा है। जो अपर्याप्त है। इससे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित होगी और यह ज्यादा दिनों तक टिकने वाला नहीं है।

नाबालिगों से भी करवा रहे काम

हैरानी वाली बात यह भी है कि निर्माण एजेंसी के द्वारा नाबालिगों को भी काम पर लगा दिया गया है। 15 से 16 साल की बच्चे यहां काम कर रहे हैं। जिन्हें कितनी सामग्री डालनी चाहिए इसकी भी जानकारी नहीं है। नाबालिगों को इस तरह काम में झोंक कर उनका शोषण भी किया जा रहा है। उन्हें कितनी रोजी मजदूरी दी जाएगी यह भी स्पष्ट नहीं है। खैरागढ़ क्षेत्र से आए नाबालिग यहां काम कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page