बेजुबानों के भूख प्यास की फिक्र- जिला प्रशासन के बाद अब चेंबर ऑफ कॉमर्स और मानव सेवा संस्थान ने उठाया कदम



बालोद। इन दिनों जिला प्रशासन द्वारा पशु पक्षियों की सेवा के लिए कोटना रखने की मुहिम शुरू की गई है। जिसमें विभिन्न विभाग आगे आए हैं अब इस कार्य को सराहाते हुए चेंबर ऑफ कॉमर्स और मानव सेवा संस्थान भी साथ दे रहा है। जिसके तहत बालोद जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में भी कोटना और पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था की जा रही है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के लोग जिला प्रशासन की इस मुहिम में साथ देते हुए लोगों से भी अपील कर रहा है। अध्यक्ष चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं मानव सेवा संस्थान के व्यवस्थापक राजू पटेल ने कहा कि मूक पशु पक्षी इस तपती गर्मी में पानी पीने के लिए शहर में भटकते रहते हैं। कई बार वे इस दौरान वाहनों की चपेट में भी आ जाते हैं और उनकी मौत भी हो जाती है। बेजुबान अपनी समस्या किसी से बता भी नहीं सकते। ऐसे में अब लोगों को ही उनकी समस्या समझनी होगी और उनके दाना पानी का इंतजाम करना होगा। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन की मुहिम में हमने भी कदम मिलाया और साथ चलते हुए कोटना और पक्षियों के लिए सकोरे रख रहे हैं। और उनमें नियमित पानी भर रहे हैं। तो वही मवेशियों को चारा खिलाया जा रहा है।

आकर्षक रंगाई पुताई के साथ तैयार किया गया है कोटना

चेंबर ऑफ कॉमर्स और मानव सेवा संस्थान के द्वारा आकर्षक रंगाई पुताई के साथ पीले रंग का कोटना तैयार किया गया है। जिसे शहर के अलग-अलग स्थानों पर रखवाया जा रहा है। जो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जहां जहां पर यह कोटना रखे जा रहे हैं वहां रहने वाले लोगों को इसमें पानी भरने की जिम्मेदारी भी दी गई है। ताकि रोज उसमें साफ पानी भर सके और सड़क पर भटकते पशु पक्षी यहां आकर अपनी प्यास बुझा सके।

कलेक्टर ने शुरू की है पहल

बता दें कि कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में पशु पक्षियों के प्रयास की चिंता करते हुए सरकारी दफ्तरों में कोटना और सकोरे रखने की पहल शुरू की है। जिसके चलते सभी सरकारी विभागों में इसे अपनाया जा रहा है। तो वहीं इस पहल से प्रभावित होकर व्यापारी वर्ग भी आगे आ गया है और गलियों व शहरों में भटकते हुए पशुओं की प्यास बुझाने का इंतजाम इस तरह सार्वजनिक जगहों पर कोटना और सकोरे रखकर किया जा रहा है। पेड़ों में सकोरे बांधे जा रहें हैं उनमें पानी और दाना रखा जा रहा ताकि पंछियां वहां चारा चुग सके पानी पी सके।

आप भी जुड़ सकते हैं इस मुहिम से, करें फोन

राजू पटेल ने कहा भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के समस्त शासकीय कार्यालय में पशु पक्षी के लिए अन्न जल की व्यवस्था की जा रही है। उनके इस प्रयास को आगे बढ़ाते हुए बालोद शहर में जगह जगह जल के लिए बालोद चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं मानव सेवा संस्थान द्वारा कोटने की व्यवस्था की गई है। जिस किसी को भी कोटने की जरूरत हो वे धीरज भाई पटेल से मोबाइल नम्बर 9424114299 में सम्पर्क कर सकते है। उन्हें हमारे संस्थान की ओर से निशुल्क कोटना दिया जाएगा।

You cannot copy content of this page